

Akola Municipal Corporation Elections: 11 नवंबर को अकोला मनपा चुनाव को लेकर प्रभागों के आरक्षण का ड्रा निकाला जाएगा। कौनसा प्रभाग किसके लिए आरक्षित रहेगा, इस ओर इच्छुक प्रत्याशियों के साथ साथ विविध राजनीतिक पार्टियों की नजरें लगी हुई हैं। मनपा चुनाव की तैयारियां अब धीरे धीरे पूरी होती आ रही हैं।
मनपा चुनाव की एक महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में 11 नवंबर की सुबह 11 बजे स्थानीय प्रमिलाताई ओक सभागृह में प्रभागों के आरक्षण का ड्रा निकाला जाएगा। इसके बाद यह बात स्पष्ट हो सकेगी कि कौनसा प्रभाग किसके लिए आरक्षित किया गया है। इसी आधार पर आनेवाले मनपा चुनाव में उम्मीदवार चुनाव लड़ सकेंगे। मनपा की प्रभागवार प्रारुप मतदाता सूची 6 नवंबर को प्रकाशित होनेवाली थी।मनपा चुनाव को लेकर बातचीत करने पर पूर्व महापौर तथा भाजपा के शहर विभाग के चुनाव प्रमुख विजय अग्रवाल ने कहा कि मनपा चुनाव को लेकर भाजपा संगठन पूरी तरह से तैयार है। मनपा चुनाव की दृष्टि से सभी समाजों के प्रत्याशी भाजपा के पास है। आनेवाले मनपा चुनाव में भाजपा को पूर्ण बहुमत मिलेगा, यह विश्वास उन्होंने प्रकट किया।