Akola MSRTC ST Bus News: महाराष्ट्र राज्य मार्ग परिवहन महामंडल ने गर्मी की छुट्टियों के दौरान बढ़ती यात्रियों की भीड़ को ध्यान में रखते हुए साधारण बस सेवाओं के किराए में अस्थायी रूप से 10 प्रतिशत वृद्धि करने का निर्णय लिया है। यह वृद्धि 15 अप्रैल 2026 से 15 जून 2026 तक लागू रहेगी।
इस निर्णय का असर अकोला विभाग से यात्रा करने वाले यात्रियों पर भी होगा। एसटी महामंडल के उपाध्यक्ष तथा व्यवस्थापकीय संचालक माधव कुसेकर के हस्ताक्षर से 6 अप्रैल को आदेश जारी किए गए। परिपत्रक के अनुसार, गर्मी के मौसम में यात्रियों की संख्या अधिक होने से बस सेवा का नियोजन और अतिरिक्त सुविधा उपलब्ध कराने हेतु परिवर्तनशील किराया पद्धति लागू की गई है।
इसके तहत साधारण, जलद और सामान्य रात्री सेवा बसों के किराए में 10 प्रतिशत वृद्धि होगी। अर्धआराम, शिवशाही, शिवनेरी, जनशताब्दी और वातानुकूलित बसों के किराए में कोई वृद्धि नहीं की गई है। 15 अप्रैल से पहले आरक्षण करने वाले यात्रियों को पुराने दरों पर ही यात्रा करने की सुविधा मिलेगी, जबकि 15 अप्रैल से नए टिकट लेने वालों पर संशोधित दर लागू होंगे।
गर्मी का मौसम समाप्त होने के बाद 16 जून 2026 से पुनः मूल किराया दर लागू होंगे। वर्तमान में सभी डिपो में ईटिकिटिंग मशीनों द्वारा टिकट बिक्री की जा रही है और उन्हीं में संशोधित दर लागू किए जाएंगे। यात्रियों से अपील की गई है कि टिकट लेते समय नए किराए की जानकारी अवश्य जांच लें।
अकोला विभाग से प्रतिदिन नागपुर, अमरावती, पुणे, नाशिक, छत्रपति संभाजीनगर सहित अन्य जिलों की ओर बड़ी संख्या में यात्री यात्रा करते हैं। ऐसे में गर्मी की छुट्टियों के दौरान बढ़े हुए किराए का असर स्थानीय यात्रियों पर भी स्पष्ट रूप से दिखाई देगा।