Akola Kharif Season 2026 News: आगामी खरीफ सीजन 2026-27 की तैयारियों को लेकर आयोजित पूर्व समीक्षा बैठक में किसानों को बीज, खाद और कीटनाशक समय पर उपलब्ध कराने के लिए सख्त नियोजन और प्रभावी अमल के निर्देश दिए गए। बैठक की अध्यक्षता विधायक रणधीर सावरकर ने की। जिलाधिकारी कार्यालय के नियोजन भवन में हुई इस बैठक में कृषि विभाग की तैयारियों का विस्तृत आकलन किया गया।
विधायक सावरकर ने कहा कि इस वर्ष कपास की बुवाई बढ़ने और सोयाबीन की बुवाई घटने की संभावना है, ऐसे में बीज की मांग और आपूर्ति के बीच संतुलन बनाए रखना आवश्यक है।
तहसील कृषि अधिकारी प्रवीण भोर ने पिछले पांच वर्षों की रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए बताया कि कई बार रेलवे की योजनाओं के कारण खाद की आपूर्ति प्रभावित होती है। इस पर विधायक ने सांसद अनूप धोत्रे को समस्या से अवगत कराकर आपूर्ति सुचारु करने के निर्देश दिए।
बैठक में प्रधानमंत्री किसान योजना के तहत केवाईसी अभाव के कारण लंबित प्रकरणों को शीघ्र निपटाने के भी निर्देश दिए गए। साथ ही महाविस्तार ऐप के माध्यम से किसानों में जागरूकता बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया।
विधायक सावरकर ने निर्देश दिए कि 1 मई को होने वाली ग्रामसभा में कृषि सहायकों, पटवारियों और ग्रामसेवकों के माध्यम से किसानों को इस ऐप की जानकारी देकर प्रशिक्षित किया जाए।
बैठक में जिला कृषि विकास अधिकारी तुषार जाधव, कृषि उपसंचालक हरीश देशमुख, आत्मा परियोजना के उपसंचालक प्रेमसिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में किसानों के हित में नियोजन, आपूर्ति व्यवस्था और जनजागृति से जुड़े महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।