

Akola Industry Association: अकोला का औद्योगिक क्षेत्र अभी भी तमाम समस्याओं का सामना कर रहा है। औद्योगिक क्षेत्र में करीब 180 दाल मिलें हैं। जिसमें से भी कुछ दाल मिलें बंद हैं। कुछ कृषि उत्पाद पर आधारित कारखाने हैं। करीब तीन दवाओं की फैट्रियां हैं। कुछ रिफाइनरी हैं। इसके अलावा भी गृह निर्माण कार्यों से संबंधित फैट्रियां हैं। इसके अलावा भी कुछ छोटे बड़े कारखाने हैं। सर्वाधिक भरमार दाल मिलों की ही है।
देखा जाए तो पिछले अनेक वर्षों में औद्योगिक क्षेत्र में कोई विशेष विकास नहीं हो सका है। क्षेत्र बिजली और पानी की समस्याओं से भी छुटकारा नहीं पा सका है। कोई इतना बड़ा उद्योग नहीं है कि जिससे जिले की बेरोजगारी की समस्या दूर हो सके। कुल मिलाकर औद्योगिक क्षेत्र में कई समस्याएं हैं जिन्हें हल करना जरूरी है।
समस्याएं हल करें तो औद्योगिक क्षेत्र होगा विकसित नितिन बियाणी
इस बारे में बातचीत करने पर अकोला इंडस्ट्री एसो.। के सचिव नितिन बियाणी ने कहा कि, यदि औद्योगिक क्षेत्र की समस्याएं हल की जाएं तो निश्चित ही औद्योगिक क्षेत्र और अधिक विकसित हो सकेगा। उन्होंने कहा कि, यहां बिजली के वोल्टेज के साथ साथ लोडशेडिंग की भी समस्या है इसी तरह पानी की भी समस्या है। पाइप लाइन डाली जा रही है उसके बाद ही समस्या हल हो सकेगी।
इसी तरह अकोला खंडवा मीटरगेज रेल लाइन को ब्रॉडगेज में परिवर्तित किया जा रहा है लेकिन यह कार्य सिर्फ अकोला से अकोट तक ही हो सका है। यदि अकोट से खंडवा तक रेल लाइन का कार्य पूरा हो जाए और अकोला से खंडवा रेल कनेक्टिविटी हो जाए तो उसका पूरा लाभ औद्योगिक क्षेत्र को मिल सकेगा। इसी तरह अन्य छोटी छोटी समस्याएं भी हल कर दी जाए तो निश्चित ही औद्योगिक क्षेत्र का विकास हो सकेगा। इसी तरह नियमित विमान सेवा भी जरूरी है।,
पिछले अनेक वर्षों से क्षेत्र नियमित विमान सेवा की राह देख रहा है। औद्योगिक क्षेत्र के सामने ही शिवनी विमानतल है। हवाई पट्टी बढ़ाने की समस्या जस की तस बनी हुई है। उद्योजकों का कहना है कि यदि यहां नियमित विमान सेवा शुरू हो जाए तो बड़े बड़े उद्योगपति यहां बड़े उद्योग शुरू कर सकेंगे, इसलिए यहां नियमित विमान सेवा बहुत जरूरी है। पिछले अनेक वर्षों से आए दिन इस संबंध में विविध घोषणाएं होती रहती है लेकिन अभी तक नियमित विमान सेवा शुरू नहीं हो सकी है। राज्य तथा केंद्र सरकार ने नियमित विमान सेवा शुरू करने के लिए जो भी समस्याएं हैं उन्हें हल करते हुए वहां नियमित विमान सेवा शुरू करनी चाहिए।