2 workers reinstated (सोर्सः सोशल मीडिया)
Sangamner Toll Workers Protest: संगमनेर तालुका के हिवरगांव पसवा टोल प्लाजा पर कार्यरत 22 कर्मचारियों को अचानक नौकरी से निकाले जाने के बाद शुरू हुई क्रमिक भूख हड़ताल आखिरकार सफल हो गई। नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) के अधिकारियों के साथ हुई बैठक में सभी कर्मचारियों को पुनः नौकरी पर रखने का निर्णय लिया गया। साथ ही बकाया वेतन देने का आश्वासन भी दिया गया।
पिछले आठ दिनों से जारी भूख हड़ताल को विधायक अमोल खताल ने नारियल पानी पिलाकर समाप्त कराया। पुणे-नासिक नेशनल हाईवे पर स्थित हिवरगांव पसवा टोल प्लाजा पर कई वर्षों से कार्यरत कर्मचारियों को नई कंपनी जे. आर. रोडवेज के मालिक राजपाल द्वारा अचानक नौकरी से हटा दिया गया था। कुछ कर्मचारियों के वेतन में कटौती भी की गई थी। इसके विरोध में कर्मचारियों ने क्रमिक भूख हड़ताल शुरू की थी।
बैठक में NHAI के प्रोजेक्ट मैनेजर पी. डी. कदम, टोल प्लाजा कंपनी के मैनेजर अनूप शिंदे, शिवसेना तालुका प्रमुख रामभाऊ रहाणे, भारतीय जनता पार्टी तालुका अध्यक्ष गुलाब भोसले, शिवसेना के श्याम रहाणे, भाजपा के महेश मांडेकर और टोल प्लाजा वेलफेयर एसोसिएशन के कार्याध्यक्ष विलास रहाणे उपस्थित रहे।
विधायक खताल की उपस्थिति में हुई चर्चा में यह तय हुआ कि जिन 22 कर्मचारियों को हटाया गया था, उन्हें तत्काल प्रभाव से पुनः नियुक्त किया जाएगा। सभी कर्मचारियों की वेतन कटौती रद्द कर दी जाएगी और नियमित वेतन फिर से शुरू किया जाएगा। बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि 14 कर्मचारियों का बकाया वेतन कंपनी प्रबंधन से चर्चा कर अगले सप्ताह तक भुगतान करने के निर्देश दिए जाएंगे।
ये भी पढ़े: ‘लालपरी’ को मिला डिजिटल कवच! 111 करोड़ रुपए में लगेंगे 7035 CCTV कैमरे, मुंबई कंट्रोल रूम से होगी निगरानी
हरिभाऊ रहाणे, सोपान दुधावड़े, पांडुरंग काले, रामदास दुधावड़े, खंडू काले, रवींद्र काले, रवींद्र मैगल, नवनाथ दुधावड़े, सागर दुधावड़े, सचिन काले, दीपक दुधावड़े, राहुल माधे, विनीत दुधावड़े, सुनील काले, बालासाहेब काले, भाऊसाहेब काले, प्रीतम दुधावड़े, अजय केदार, विकास दुधावड़े, लक्ष्मण दुधावड़े, नीलेश माधे, सचिन दुधावड़े और अनिल फोडसे सहित सभी कर्मचारियों ने आंदोलन में भाग लिया।
विधायक अमोल खताल के सक्रिय और संवेदनशील हस्तक्षेप के कारण हिवरगांव पसवा टोल प्लाजा के 22 कर्मचारियों को न्याय मिला। उन्होंने सीधे संबंधित कंपनी और अधिकारियों से संवाद कर समाधान निकाला तथा स्वयं उपस्थित रहकर नारियल पानी पिलाकर भूख हड़ताल समाप्त कराई।