महाराष्ट्र में दहलाने वाली वारदात! अहिल्यानगर में छठी की छात्रा पर एसिड अटैक, चेहरा-आंखें बुरी तरह झुलसी
Ahilyanagar Crime News: अहिल्यानगर के संगमनेर में स्कूल से घर लौट रही 13 वर्षीय छात्रा पर अज्ञात युवक ने तेजाब फेंका। छात्रा की हालत गंभीर है, जबकि विधानसभा में इस मुद्दे पर भारी हंगामा हुआ।
- Written By: आकाश मसने
प्रतीकात्मक तस्वीर (सोर्स: सोशल मीडिया)
Ahilyanagar Acid Attack News: महाराष्ट्र के अहिल्यानगर जिले से एक रूह कंपा देने वाली घटना सामने आई है। संगमनेर तहसील के वडगांव पान गांव में दोपहर के वक्त एक छठी कक्षा की छात्रा पर एसिड अटैक किया गया है। इस कायराना हमले ने न केवल इलाके में दहशत फैला दी है, बल्कि राज्य में कानून व्यवस्था और महिला सुरक्षा पर भी गंभीर सवालिया निशान लगा दिए हैं।
साइकिल से घर लौट रही थी मासूम
मिली जानकारी के अनुसार, 13 वर्षीय छात्रा अपनी स्कूल की पढ़ाई पूरी कर साइकिल से घर की ओर लौट रही थी। दोपहर करीब 12 बजे के आसपास, जब वह रास्ते में थी, तभी एक अज्ञात युवक ने उसे रोका और अचानक उसके चेहरे पर तेजाब फेंक दिया। हमला इतना भीषण था कि छात्रा का चेहरा और आंखें बुरी तरह झुलस गई हैं। आरोपी वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गया।
अस्पताल में जिंदगी की जंग
घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से बच्ची को प्रवरानगर अस्पताल ले जाया गया, जहाँ उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। डॉक्टरों की टीम उसकी आंखों की रोशनी बचाने और संक्रमण को रोकने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। पुलिस ने अज्ञात हमलावर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
सम्बंधित ख़बरें
क्या आप भी पढ़ा हुआ भूल जाते हैं? ठाणे में 16 मई से शुरू हो रहा है विशेष ‘मेंटल जिम’ ट्रेनिंग प्रोग्राम
कोर्ट ने निदा खान को भेजा जेल, जांच में सामने आए चौंकाने वाले डिजिटल सबूत, जानें आज सुनवाई में क्या हुआ?
पर्यावरण की ओर बढ़ते कदम, 20,000 ई-बसों के लिए एसटी कॉर्पोरेशन तैयार, जल्द शुरू होगी टेंडर प्रक्रिया
छत्रपति संभाजीनगर बनेगा ग्लोबल ऑटो हब, टोयोटा लगाएगी अत्याधुनिक SUV निर्माण संयंत्र
विधानसभा में गूंजी गूंज, विपक्ष हमलावर
इस घटना का असर राज्य की राजनीति पर भी देखने को मिला। विधानसभा में कांग्रेस विधायक दल के नेता विजय वडेट्टीवार ने इस मुद्दे को उठाते हुए सरकार को जमकर घेरा। उन्होंने कहा कि क्या राज्य में पुलिस का खौफ खत्म हो गया है? एक मासूम बच्ची पर दिनदहाड़े हमला होता है और आरोपी अब तक फरार है। यह बेहद निंदनीय है। वडेट्टीवार ने गृह विभाग पर भ्रष्टाचार और लापरवाही के आरोप लगाते हुए मामले पर तत्काल चर्चा की मांग की।
यह भी पढ़ें:- राहुल-प्रियंका गांधी ने नितिन गडकरी से की मुलाकात, बैठक का वीडियो आया सामने, जानें क्या हुई बात?
सरकार को विधानसभा अध्यक्ष के निर्देश
विपक्ष के हंगामे और मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर ने कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने सरकार को निर्देश दिया कि इस घटना पर तत्काल संज्ञान लिया जाए और सदन के पटल पर विस्तृत रिपोर्ट पेश की जाए। स्थानीय स्तर पर भी छात्राओं और ग्रामीणों में भारी रोष है, जो आरोपी की जल्द से जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।
