उमरिया में कांग्रेस का महा-संग्राम, SDM के नहीं पहुंचने पर भड़के कार्यकर्ता; कार्यालय का किया घेराव
Umaria Congress Protest: एमपी के उमरिया में गरमाया सियासी माहौल, ज्ञापन लेने नहीं पहुंचीं एसडीएम तो भड़के कांग्रेसी, पूर्व मंत्री कमलेश्वर पटेल के नेतृत्व में दफ्तर में ही डाली रसोई।
- Reported By: दीपक ताम्रकार | Edited By: सजल रघुवंशी
उमरिया में कांग्रेस का संग्राम (सोर्स- सोशल मीडिया)
Umariya SDM Office Gherao By Congress: उमरिया जिले के मानपुर में कांग्रेस की किसान सम्मान यात्रा के दौरान राजनीतिक माहौल उस समय गरमा गया, जब कांग्रेस नेताओं द्वारा सौंपे जाने वाले ज्ञापन को लेने एसडीएम हरनीत कौर कलशी निर्धारित स्थान पर नहीं पहुंचीं।
इससे नाराज कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एसडीएम कार्यालय का घेराव कर धरना शुरू कर दिया। धरने का नेतृत्व पूर्व मंत्री कमलेश्वर पटेल और विधायक फूंदेलाल मार्को ने किया। बड़ी संख्या में मौजूद कार्यकर्ताओं ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए किसानों और आम जनता की समस्याओं को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर की।
प्रशासन पर लगाए गंभीर आरोप
धरना प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि जिले में किसानों और आम नागरिकों से जुड़े कई मुद्दे लंबे समय से लंबित हैं, लेकिन प्रशासन उनकी समस्याओं के समाधान के प्रति गंभीर नहीं है। नेताओं का कहना था कि किसान सम्मान यात्रा का उद्देश्य किसानों की समस्याओं को सरकार और प्रशासन तक पहुंचाना है, लेकिन जब ज्ञापन लेने के लिए जिम्मेदार अधिकारी ही उपस्थित नहीं हुए तो यह किसानों और जनता का अपमान है। कांग्रेस नेताओं ने प्रशासनिक रवैये को लोकतांत्रिक परंपराओं के विपरीत बताया।
सम्बंधित ख़बरें
कफ सिरप फैक्ट्री मामले का मुख्य मास्टरमाइंड गिरफ्तार, STF ने तिरुवनंतपुरम से दबोचा; 27 जून तक रिमांड पर
500 कोचिंग सेंटर और सिर्फ 3 के पास फायर NOC, ग्वालियर फायर ब्रिगेड की कार्रवाई; सामने आया हैरान करने वाला सच
सागर में हाथठेले पर बैठाकर थाने लाई पुलिस, नाम बदलकर करा रहा था इलाज; कटरबाज का जुलूस
इंदौर पहुंचे रामदास अठावले, किया बड़ा दावा; बोले- उद्धव ठाकरे का राजनीतिक भविष्य कमजोर
कलेक्टर को बुलाने की मांग पर अड़े कांग्रेस नेता
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस पार्टी कार्यकर्ताओं ने मांग की कि जिला कलेक्टर राखी सहाय स्वयं मौके पर पहुंचकर ज्ञापन प्राप्त करें। तहसीलदार ने मौके पर पहुंचकर प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया और ज्ञापन लेने की पेशकश भी की, लेकिन कांग्रेस नेताओं ने इसे स्वीकार नहीं किया। पूर्व मंत्री कमलेश्वर पटेल और विधायक फूंदेलाल मार्को ने स्पष्ट कहा कि जब तक कलेक्टर स्वयं आकर ज्ञापन नहीं लेंगी, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। नेताओं ने प्रशासन पर जनता की आवाज को अनदेखा करने का आरोप भी लगाया।
देर रात तक जारी रहा धरना, बनाई गई अस्थायी रसोई
धरने में सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए और देर रात तक एसडीएम कार्यालय का घेराव जारी रहा। आंदोलन लंबा खिंचने की संभावना को देखते हुए धरनास्थल पर भोजन की व्यवस्था की गई और अस्थायी रसोई भी बनाई गई।
यह भी पढ़ें: कफ सिरप फैक्ट्री मामले का मुख्य मास्टरमाइंड गिरफ्तार, STF ने तिरुवनंतपुरम से दबोचा; 27 जून तक रिमांड पर
कार्यकर्ता वहीं डटे रहे और अपनी मांगों को लेकर जिला प्रशासन पर दबाव बनाते रहे। कांग्रेस नेताओं के सख्त रुख और बड़ी संख्या में जुटे समर्थकों को देखते हुए प्रशासन भी पूरे घटनाक्रम पर लगातार नजर बनाए हुए है। मानपुर में देर रात तक राजनीतिक गतिविधियां तेज रहीं और धरना प्रदर्शन चर्चा का विषय बना रहा।
