

उज्जैन पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के तहत दो इनामी आरोपियों को गिरफ्तार किया।
दोनों आरोपियों पर 10-10 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
एक आरोपी वर्ष 2021 से एनडीपीएस एक्ट के मामलों में फरार था।
गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी ने साधु का वेश धारण कर लिया था।
Operation Prahar Ujjain Police: उज्जैन में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और इससे जुड़े अपराधों में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत उज्जैन पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस की क्राइम ब्रांच और नानाखेड़ा थाना टीम ने अलग-अलग कार्रवाई करते हुए एनडीपीएस एक्ट के मामलों में लंबे समय से फरार चल रहे दो इनामी आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
दोनों आरोपियों पर 10-10 हजार रुपए का इनाम घोषित था। इनमें एक आरोपी पिछले पांच साल से पुलिस को चकमा दे रहा था, जबकि दूसरा करीब 10 साल पुराने मामले में फरार चल रहा था। पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत दोनों आरोपियों की तलाश की जा रही थी।
क्राइम ब्रांच ने थाना नीलगंगा और नागझिरी के एनडीपीएस एक्ट से जुड़े मामलों में फरार आरोपी सागर पिता राधेश्याम खालोटिया (22), निवासी शास्त्री नगर, उज्जैन को गिरफ्तार किया है। आरोपी वर्ष 2021 से फरार चल रहा था। उसके खिलाफ न्यायालय से दो स्थायी गिरफ्तारी वारंट भी जारी किए गए थे। पुलिस के मुताबिक, आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था।
उसने अपनी पहचान छिपाने के लिए साधु का वेश धारण कर लिया था और उन्हेल तथा ओंकारेश्वर के अलग-अलग आश्रमों में शरण ले रहा था। क्राइम ब्रांच की टीम लंबे समय से उसकी गतिविधियों पर नजर रख रही थी। तकनीकी और मैदानी स्तर पर जुटाई गई सूचनाओं के आधार पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
दूसरी कार्रवाई में नानाखेड़ा थाना पुलिस ने वर्ष 2016 के एनडीपीएस एक्ट के प्रकरण में फरार चल रहे शाहनवाज उर्फ सोनू पिता फिरोज निलगर (32) को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ थाना नानाखेड़ा में अपराध क्रमांक 178/2016 दर्ज था। मामले में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/18, 8/21 और 8/29 के तहत कार्रवाई की गई थी।
आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने 10 हजार रुपए का इनाम घोषित किया था। वह राजस्थान के प्रतापगढ़ का निवासी है और वर्तमान में उदयपुर जिले की नया खेड़ा क्षेत्र स्थित जिलानी कॉलोनी में रह रहा था। मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर उज्जैन शहर की नानाखेड़ा पुलिस ने 10 नवंबर 2026 को उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशन में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल आरोपियों और लंबे समय से फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए ऑपरेशन प्रहार चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत उज्जैन पुलिस ने दोनों आरोपियों की तलाश तेज की थी। क्राइम ब्रांच की कार्रवाई डीएसपी योगेश सिंह तोमर के नेतृत्व में की गई, जिसमें निरीक्षक प्रतीक यादव सहित टीम के अन्य पुलिसकर्मियों की भूमिका रही।
दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी उज्जैन पुलिस के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है। एक आरोपी ने पुलिस से बचने के लिए साधु का रूप धारण कर अलग-अलग आश्रमों में ठिकाने बनाए थे, जबकि दूसरा राजस्थान में रहकर गिरफ्तारी से बच रहा था। पुलिस की तकनीकी निगरानी, मुखबिर तंत्र और लगातार की जा रही पतारसी के बाद दोनों को पकड़ने में सफलता मिली। इस कार्रवाई में क्राइम ब्रांच और नानाखेड़ा थाना पुलिस की टीमों की सराहनीय भूमिका रही। पुलिस के अनुसार, एनडीपीएस एक्ट के मामलों में फरार अन्य आरोपियों की तलाश भी लगातार जारी है।