उज्जैन रेलवे स्टेशन पर बड़ा हादसा टला, चलती ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच फंसे यात्री को RPF जवान ने बचाया

Passenger Rescue Ujjain: उज्जैन में आरपीएफ जवान ने बचाई यात्री की जान, चलती ट्रेन में चढ़ते समय प्लेटफॉर्म के बीच फंसा यात्री। आरपीएफ जवान की जांबाजी सीसीटीवी में कैद।
Passenger Rescued at Ujjain Railway Station
उज्जैन रेलवे स्टेशन पर बड़ा हादसा टला(सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

EXPLAINER:

  • उज्जैन रेलवे स्टेशन पर चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश में यात्री फंसा।

  • प्लेटफॉर्म और ट्रेन के बीच कमर तक फंसा यात्री।

  • आरपीएफ जवान रामचरण यादव ने तत्परता दिखाकर बचाई जान।

  • यात्री नाश्ता लेने के लिए ट्रेन से उतरा था।

Passenger Rescued at Ujjain Railway Station: उज्जैन रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर बुधवार दोपहर एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। नाश्ता लेने के लिए ट्रेन से उतरा एक यात्री वापस लौटते समय चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश करने लगा। इसी दौरान उसका हाथ फिसल गया और वह ट्रेन तथा प्लेटफॉर्म के बीच कमर तक फंस गया। मौके पर ड्यूटी कर रहे आरपीएफ जवान रामचरण यादव ने तत्परता दिखाते हुए एक अन्य व्यक्ति की मदद से यात्री को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। पूरी घटना स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।

घटना बुधवार दोपहर करीब 1:27 बजे की है। काचीगुड़ा एक्सप्रेस उज्जैन स्टेशन से भोपाल की ओर रवाना हो रही थी। इसी दौरान ट्रेन में सफर कर रहा एक यात्री नाश्ता लेने के लिए प्लेटफॉर्म पर उतर गया था। वह हाथ में पोहा लेकर वापस ट्रेन में चढ़ने पहुंचा, लेकिन तब तक ट्रेन चलने लगी थी। यात्री ने जल्दबाजी में ट्रेन के दरवाजे का हैंडल पकड़कर चढ़ने की कोशिश की। इसी दौरान उसका हाथ फिसल गया और वह सीधे ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच जा फंसा।

कमर तक फंसा यात्री, RPF जवान ने दिखाई बहादुरी

यात्री को ट्रेन और उज्जैन रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म के बीच फंसा देखकर मौके पर मौजूद आरपीएफ जवान रामचरण यादव तुरंत उसकी ओर दौड़े। उन्होंने बिना समय गंवाए एक अन्य व्यक्ति की मदद ली और काफी मशक्कत के बाद यात्री को सुरक्षित बाहर खींच लिया। इस दौरान यात्री को गंभीर चोट नहीं आई। जवान की तत्परता से एक बड़ा हादसा टल गया।

सहायक सुरक्षा आयुक्त ने की जवान की सराहना

सहायक सुरक्षा आयुक्त राजीव उपाध्याय ने बताया कि यात्री नाश्ता लेने के लिए ट्रेन से उतरा था और वापस चढ़ने के दौरान उसका पैर फिसल गया। वह ट्रेन और प्लेटफॉर्म के बीच फंस गया था। आरपीएफ जवान ने समय रहते कार्रवाई करते हुए उसकी जान बचाई। उन्होंने बताया कि जवानों को ट्रेन रवाना होने के दौरान दरवाजों और प्लेटफॉर्म पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।

Passenger Rescued at Ujjain Railway Station
यादव समाज ने फूंका धीरेंद्र शास्त्री का पुतला, कथाओं पर रोक लगाने की रखी मांग; सागर में भारी बवाल

ट्रेन के ओझल होने तक निगरानी के निर्देश

रेलवे सुरक्षा बल के जवानों को निर्देशित किया गया है कि ट्रेन के स्टेशन से पूरी तरह रवाना होने और आंखों से ओझल होने तक प्लेटफॉर्म के आखिरी छोर तक निगरानी रखी जाए। रामचरण यादव इसी ड्यूटी पर तैनात थे और उनकी सतर्कता से यात्री की जान बच सकी। घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद जवान की तत्परता और बहादुरी की चर्चा हो रही है। यह घटना एक बार फिर याद दिलाती है कि चलती ट्रेन में चढ़ना या उतरना जानलेवा साबित हो सकता है। यात्रियों को हमेशा ट्रेन पूरी तरह रुकने के बाद ही चढ़ना और उतरना चाहिए।

Passenger Rescued at Ujjain Railway Station
उज्जैन में टहलने निकले SDM को बाइक सवार ने मारी जोरदार टक्कर, गंभीर घायल; आंख की हड्डी में फ्रैक्चर