उज्जैन में हॉर्न बजाने को लेकर चाकूबाजी: ट्रैक्टर एजेंसी मालिक की मौत, हिरासत में 4 संदिग्ध

Ujjain Crime News : उज्जैन के दमदमा में रास्ता देने के लिए हॉर्न बजाने पर विवाद हुआ। आधा दर्जन युवकों ने कार सवार तीन दोस्तों पर चाकुओं से हमला किया। यश मित्तल की मौत हो गई, 2 दोस्त घायल हैं।
Ujjain Damdama Murder Case
मृतक यश मित्तल फोटो सोर्स: सोशल मीडिया
Published on
Updated on

Ujjain Damdama Murder Case : उज्जैन के दमदमा क्षेत्र में गुरुवार देर रात मामूली बात ने खूनी विवाद का रूप ले लिया। रास्ते में खड़े युवकों को हटने के लिए कार सवार युवकों द्वारा हॉर्न बजाना इतना भारी पड़ा कि विवाद के बाद चाकूबाजी हो गई। घटना रात करीब 2 बजे की बताई जा रही है। आधा दर्जन से अधिक युवकों ने कार सवार तीन दोस्तों पर हमला कर दिया। हमले में 27 वर्षीय यश मित्तल की मौत हो गई, जबकि उसके दो साथी घायल हो गए। वारदात के बाद पुलिस ने चार संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

मृतक यश पिता विजय नारायण मित्तल (27) ऋषि नगर एक्सटेंशन का निवासी था। मूल रूप से वह तराना का रहने वाला था और अपने माता-पिता के साथ उज्जैन में रह रहा था। यश चिमनगंज मंडी क्षेत्र में ट्रैक्टर एजेंसी का संचालन करता था। गुरुवार रात वह अपने दोस्तों अभय व्यास और मंगल के साथ कार से जा रहा था। इसी दौरान दमदमा मोड़ के पास कुछ युवक अपने वाहन लेकर रास्ते में खड़े थे। कार को निकलने में परेशानी होने पर यश ने रास्ता देने के लिए हॉर्न बजाया। इसी बात को लेकर युवकों से कहासुनी शुरू हो गई।

कहासुनी के बाद युवकों ने किया चाकुओं से हमला

प्रत्यक्ष जानकारी और पुलिस जांच के अनुसार, मामूली कहासुनी देखते ही देखते विवाद में बदल गई। आरोप है कि आयुष शर्मा, विजय सिंह ठाकुर, विशाल ठाकुर, आकाश, करण, सागर, शेंटू समेत अन्य युवकों ने यश और उसके दोनों दोस्तों के साथ मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद आरोपियों ने चाकुओं से हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि हमलावरों ने यश को अपने कब्जे में ले लिया, जबकि उसके दोनों दोस्त किसी तरह वहां से निकलने में सफल रहे। घायल अभय और मंगल ने पुलिस को घटना की सूचना दी।

पुलिस पहुंची तो हमलावर मौके से भाग निकले

सूचना मिलते ही पुलिस टीम दमदमा क्षेत्र में पहुंची, लेकिन तब तक आरोपी मौके से फरार हो चुके थे। पुलिस ने यश की तलाश शुरू की। करीब तीन घंटे बाद सुबह लगभग 5 बजे जिला पंचायत कार्यालय के सामने घटनास्थल से कुछ दूरी पर यश का शव मिला। चाकू से हमला किए जाने के कारण उसकी मौत होना सामने आया है। वहीं घायल अभय और मंगल को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया और पुलिस ने आरोपियों की तलाश तेज कर दी।

Ujjain Damdama Murder Case
ग्वालियर में मोमोज खाने को लेकर हुआ विवाद, VHP नेता के भाई की गोली मारकर हत्या, थाने के बाहर चक्काजाम

चार संदिग्ध हिरासत में, हत्या की वजह की जांच जारी

वारदात के बाद पुलिस ने नामजद और संदिग्ध युवकों की तलाश शुरू की। प्रारंभिक जांच में आयुष शर्मा, विजय सिंह ठाकुर, विशाल ठाकुर, आकाश, करण, सागर और शेंटू सहित अन्य युवकों के नाम सामने आए हैं। इनमें कुछ युवक दमदमा क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस ने चार संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस आरोपियों की भूमिका, हमले के घटनाक्रम और हत्या की वास्तविक वजह को लेकर जांच कर रही है। वहीं घायल दोनों युवकों के बयान भी मामले की जांच में अहम माने जा रहे हैं।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com