ग्वालियर में मोमोज खाने को लेकर हुआ विवाद, VHP नेता के भाई की गोली मारकर हत्या, थाने के बाहर चक्काजाम

Gwalior Crime News : बहोड़ापुर थाना क्षेत्र में विवेक मीना की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक VHP नेता चेतन मीना का भाई है। घटना के बाद कार्यकर्ताओं ने थाने के बाहर चक्का जाम कर प्रदर्शन किया।
VHP Leader Brother Murder
ग्वालियर में युवक की हत्याफोटो सोर्स- नवभारत
Published on
Updated on

Gwalior Vivek Meena Murder : ग्वालियर शहर में गुरुवार रात एक युवक की गोली मारकर हत्या किए जाने से सनसनी फैल गई। बहोड़ापुर थाना क्षेत्र के आनंद नगर चौराहे पर बाइक सवार बदमाशों ने युवक की कनपटी पर गोली मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान विवेक मीना के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि विवेक विश्व हिंदू परिषद के जिला सह मंत्री चेतन मीना का भाई था।

जानकारी के अनुसार विवेक मीना गुरुवार रात आनंद नगर चौराहे पर मोमोज खाने पहुंचा था। इसी दौरान वहां मौजूद कुछ युवकों से किसी बात को लेकर उसकी कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने के बाद बाइक से आए तीन से चार बदमाशों में से एक युवक ने विवेक की कनपटी पर हथियार रखकर गोली चला दी। गोली लगते ही विवेक जमीन पर गिर पड़ा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

वारदात के बाद फरार हुए आरोपी, CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

हत्या की वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही बहोड़ापुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू की। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और हमलावरों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। थाना प्रभारी आलोक परिहार के अनुसार पुलिस मामले की जांच कर आरोपियों की तलाश में जुटी है।

VHP और बजरंग दल कार्यकर्ताओं में आक्रोश, थाने के बाहर प्रदर्शन

विवेक मीना की हत्या की खबर फैलते ही विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं में आक्रोश फैल गया। बड़ी संख्या में कार्यकर्ता बहोड़ापुर थाने के बाहर पहुंच गए और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर चक्का जाम कर दिया, जिससे क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति बन गई।

शव रखकर गिरफ्तारी की मांग, पुलिस ने दिया जल्द कार्रवाई का भरोसा

विरोध के दौरान कार्यकर्ताओं ने मृतक का शव थाना परिसर में रखकर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि हत्या में शामिल आरोपियों को गिरफ्तार किए जाने तक उनका विरोध जारी रहेगा। पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझाने का प्रयास किया और जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया।

VHP Leader Brother Murder
मातम में बदलीं रक्षाबंधन की खुशियां, सड़क हादसे में दादा और दो मासूम पोतियों समेत 4 की मौत

हत्या की असली वजह की जांच में जुटी पुलिस

फिलहाल ग्वालियर पुलिस हत्या के पीछे की वास्तविक वजह का पता लगाने में जुटी है। प्रारंभिक जानकारी में विवाद के बाद गोली चलने की बात सामने आई है, लेकिन विवाद किस बात को लेकर हुआ और वारदात में शामिल बदमाश कौन थे, इसका खुलासा पुलिस जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद ही हो सकेगा।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com