उज्जैन में महाकाल घाटी मार्ग चौड़ीकरण शुरू, 200 मीटर हिस्से में मकान-दुकानों के प्रभावित भाग हटाए

Ujjain Singhastha 2028 : उज्जैन में सिंहस्थ-2028 की तैयारियों के तहत महाकाल मंदिर से महाकाल घाटी चौराहे तक सड़क चौड़ीकरण शुरू हुआ। 200 मीटर हिस्से में मकान-दुकानों के प्रभावित भाग हटाए जा रहे हैं।
Ujjain Municipal Corporation removes affected portions of houses and shops
निगम की टीम प्रभावित हिस्सों को हटाती हुईफोटो सोर्स- नवभारत
Published on: 
Updated on: 

Mahakal Ghati Road Widening : उज्जैन में सिंहस्थ-2028 की तैयारियों के तहत महाकाल मंदिर के सामने से महाकाल घाटी चौराहे तक सड़क चौड़ीकरण की कार्रवाई गुरुवार को शुरू हो गई। नगर निगम की टीम जेसीबी और पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और सड़क की जद में आए मकान, दुकान और होटल के प्रभावित हिस्सों को हटाने की कार्रवाई की।

फिलहाल करीब 200 मीटर हिस्से में कार्रवाई की जा रही है। निगम की कार्रवाई शुरू होने से पहले कई लोगों ने अपने स्तर पर सामान और निर्माण के प्रभावित हिस्से हटाना शुरू कर दिए थे।

12 मीटर से बढ़कर 24 मीटर होगी सड़क

उज्जैन नगर निगम अपर आयुक्त संतोष टैगोर के मुताबिक, महाकाल मंदिर से महाकाल घाटी चौराहे तक मार्ग चौड़ीकरण की योजना वर्ष 2022 से प्रस्तावित थी। मास्टर प्लान में संशोधन के बाद सड़क की चौड़ाई 24 मीटर निर्धारित की गई है। वर्तमान में यह मार्ग करीब 12 मीटर चौड़ा है, जिसे अब बढ़ाकर 24 मीटर किया जाएगा। चौड़ीकरण की जद में कुल 39 रहवासी और उनके निर्माण प्रभावित हो रहे हैं।

सिंहस्थ में बढ़ेगा यातायात का दबाव

अधिकारियों के अनुसार सिंहस्थ-2028 के दौरान उज्जैन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। इसके चलते महाकाल मंदिर क्षेत्र में यातायात का दबाव भी बढ़ेगा। इसी को ध्यान में रखते हुए महाकाल मंदिर के सामने से महाकाल घाटी चौराहे तक मार्ग को चौड़ा किया जा रहा है। नगर निगम का कहना है कि सड़क की चौड़ाई बढ़ने से इस क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को बेहतर करने में मदद मिलेगी।

तीन साल से न्यायालय में चल रहा था मामला

मार्ग चौड़ीकरण को लेकर करीब तीन साल से मामला न्यायालय में चल रहा था। हाईकोर्ट की इंदौर खंडपीठ के आदेश के बाद नगर निगम ने कार्रवाई आगे बढ़ाई। मंगलवार को निगम की तकनीकी टीम ने सड़क की जद में आने वाले प्रभावित निर्माणों पर डिमोलिशन की मार्किंग की थी। इसके बाद गुरुवार को जेसीबी और पुलिस बल की मौजूदगी में प्रभावित हिस्सों को हटाने की कार्रवाई शुरू की गई।

व्यापारियों को दी गई थी 24 घंटे की मोहलत

बुधवार को नगर निगम की टीम कार्रवाई के लिए मौके पर पहुंची थी। इस दौरान स्थानीय दुकानदारों और व्यापारियों ने त्योहारों के चलते कारोबार प्रभावित होने का हवाला देते हुए अपना सामान हटाने के लिए 24 घंटे का समय मांगा था। निगम अधिकारियों ने उन्हें एक दिन की मोहलत दी थी और स्पष्ट किया था कि गुरुवार से कार्रवाई दोबारा शुरू की जाएगी। इसके बाद गुरुवार को निगम की टीम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और सड़क की जद में आने वाले मकान, दुकान और होटल के प्रभावित हिस्सों को हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी।

Ujjain Municipal Corporation removes affected portions of houses and shops
उज्जैन में सड़क चौड़ीकरण के दौरान मस्जिद के हिस्से में क्षति; कलेक्टर बोले- जनहानि नहीं, अफवाहों से बचें

कई लोगों ने खुद हटाना शुरू किया सामान

निगम की कार्रवाई से पहले ही प्रभावित क्षेत्र के कई लोगों ने अपने स्तर पर सामान और निर्माण के हिस्से हटाने शुरू कर दिए थे। कार्रवाई के दौरान निगम की टीम सड़क की जद में आने वाले हिस्सों को हटाने में जुटी रही। फिलहाल करीब 200 मीटर हिस्से में चौड़ीकरण की कार्रवाई की जा रही है। सिंहस्थ-2028 से पहले महाकाल क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को बेहतर करने के लिए इस मार्ग को 12 मीटर से बढ़ाकर 24 मीटर किया जाना प्रस्तावित है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com