शाजापुर में लुटेरी दुल्हन गिरोह सक्रिय, शादी के नाम पर दो परिवारों से ठगे ₹5.5 लाख रुपए, थाने पहुंचे पीड़ित
Fake Marriage Scam: शाजापुर में इन दिनों लुटेरी दुल्हन गैंग एक्टिव है। हाल ही में इस गिरोह ने 2 परिवारों को निशाना बनाया और 5.5 लाख रुपए ठग लिए। अब दुल्हनें फरार हैं और पीड़ितों ने थाने में शिकायत की।
- Reported By: सुधीर दंडोतिया | Edited By: प्रीतेश जैन
लुटेरी दुल्हन और पीड़ित (फोटो सोर्स- नवभारत)
Shajapur Looteri Dulhan Gang: शाजापुर में शादी के नाम पर लाखों रुपए की ठगी करने वाले कथित ‘लुटेरी दुल्हन’ गिरोह का मामला सामने आया है। जिले के पनवाड़ी गांव के दो परिवारों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया है कि दलालों और महिलाओं के एक संगठित गिरोह ने शादी कराने के नाम पर उनसे करीब साढ़े पांच लाख रुपए ठग लिए। हैरानी की बात यह है कि दोनों शादियों के महज 15 दिन बाद ही दुल्हनें घर से कीमती सामान लेकर फरार हो गईं।
पीड़ित निर्भय सिंह ने बताया कि उनके बेटे धर्मेंद्र की शादी झाबुआ निवासी ज्योति नाम की युवती से कराई गई थी। इसके लिए दलालों ने करीब 2 लाख रुपए लिए थे। 19 नवंबर 2025 को शादी से जुड़े दस्तावेज भी तैयार किए गए, लेकिन शादी के करीब 15 दिन बाद ही ज्योति ने दादी की बीमारी का बहाना बनाया और मायके जाने के बाद वापस नहीं लौटी।
15 दिन बाद दुल्हन फरार
इसी तरह गांव के अर्जुन के साथ भी धोखाधड़ी हुई। उसकी शादी रानू बाई मिश्रा नाम की महिला से कराई गई थी। आरोपियों ने खुद को लड़की के रिश्तेदार बताते हुए शादी के नाम पर करीब 3 लाख रुपए वसूल लिए। शादी के 15 दिन बाद रानू बाई इंदौर जाने का कहकर घर से निकली और मोबाइल फोन व चांदी की पायजेब लेकर फरार हो गई।
सम्बंधित ख़बरें
पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों पर सियासत तेज, दिग्विजय सिंह ने शेयर किया BJP MLA मैथिली ठाकुर का वीडियो
पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ने पर कमलनाथ ने कहा- जनता से हो रही सीधी लूट, मुनाफे के बावजूद नहीं दी राहत
Shivraj Singh Book: अपनापन’ में दिखेगा पीएम मोदी संग 35 सालों का सफर, शिवराज सिंह चौहान की किताब का विमोचन
ओंकारेश्वर मंदिर में श्रद्धालु और मंदिर कर्मियों के बीच चले लाठी-डंडे, वीडियो वायरल होने के बाद बड़ा एक्शन
जान से मारने की धमकी दी
लुटेरी दुल्हन से पीड़ित परिवारों का आरोप है कि जब उन्होंने अपने पैसे वापस मांगे तो गिरोह के सदस्यों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। परिवारों के पास पैसों के लेन-देन के वीडियो, शादी की तस्वीरें और कुछ पहचान दस्तावेज भी मौजूद हैं, जिन्हें पुलिस को सौंपा गया है।
तीन जिलों तक फैला नेटवर्क
शिकायत के मुताबिक इस गिरोह का नेटवर्क तीन जिलों तक फैला हुआ है। इसमें शाजापुर जिले का स्थानीय दलाल नारायण पांडा, उज्जैन जिले की तराना तहसील का रहने वाला बाबू और धार जिले का सुखराम शामिल है। आरोप है कि सुखराम इस पूरे गिरोह का मुख्य सरगना है, जो लड़कियों से संपर्क कर सौदेबाजी और पैसों का लेन-देन संभालता था।
ये भी पढ़ें : इंदौर में उषा ठाकुर का राहुल गांधी पर हमला, कहा- कांग्रेस को कॉकरोच जनता पार्टी का सहारा लेना पड़ रहा
पुलिस पर लापरवाही का आरोप
पीड़ितों ने 21 मई को सुनेरा थाने और पुलिस अधीक्षक कार्यालय में शिकायत दी थी। हालांकि उनका आरोप है कि कई दिन बीत जाने के बाद भी पुलिस ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की है। वहीं सुनेरा थाना प्रभारी अंकित मुकाती का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और तथ्य सामने आने पर आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
