Highlights :
शहडोल के ब्यौहारी क्षेत्र के तगावर गांव में तेंदुए का हमला।
घर के बाहर बहन के साथ सो रही थी 15 वर्षीय सरस्वती सिंह गोंड।
घर से करीब 300 मीटर दूर झाड़ियों में मिला किशोरी का शव।
डीएफओ तरुण वर्मा ने तेंदुए के हमले की पुष्टि की।
वन विभाग और पुलिस की टीमें तेंदुए की तलाश में जुटीं।
घटना के बाद गांव में दहशत, ग्रामीणों को दोबारा हमले की आशंका।
Leopard attacks 15 year old girl in Shahdol : एमपी के शहडोल जिले से वन्यजीव के हमले की दर्दनाक घटना सामने आई है। ब्यौहारी थाना क्षेत्र के तगावर गांव में एक तेंदुआ 15 वर्षीय किशोरी को घर के बाहर से उठाकर ले गया। परिजनों ने तलाश शुरू की तो घर से करीब 300 मीटर दूर झाड़ियों में उसका शव मिला। डीएफओ तरुण वर्मा ने तेंदुए के हमले की पुष्टि की है। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है।
शहडोल जिले में जानकारी के मुताबिक तगावर गांव निवासी सरस्वती मंगलवार रात अपनी बहन के साथ घर के बाहर बनी परछी में सो रही थी। उसकी मां घर के अंदर कमरे में थी। बुधवार सुबह जब बहन की नींद खुली तो सरस्वती बिस्तर पर नहीं मिली। उसने मां को इसकी जानकारी दी जिसके बाद दोनों ने आसपास तलाश शुरू की।
परिजनों को तलाश के दौरान कुछ दूरी पर एक कंबल दिखाई दिया। इसके बाद आसपास खोजबीन की गई तो घर से करीब 300 मीटर दूर झाड़ियों में सरस्वती का शव मिला। आशंका है कि तेंदुआ उसे सोते समय उठाकर ले गया होगा। घटना की सूचना बुधवार सुबह करीब 4 बजे पुलिस को दी गई। सरस्वती अपनी मां और बहन के साथ रहती थी जबकि उसके पिता महाराष्ट्र में मजदूरी करते हैं।
घटना की जानकारी मिलते ही ब्यौहारी थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। एसडीओपी और अन्य अधिकारियों ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। डीएफओ तरुण वर्मा ने तेंदुए के हमले की पुष्टि करते हुए बताया कि घर में दरवाजा नहीं था। वन विभाग के अनुसार घर में दरवाजा नहीं होने के कारण तेंदुए के अंदर पहुंचने और किशोरी को उठाकर ले जाने की आशंका है।
घटना के बाद वन विभाग और पुलिस की टीमें तेंदुए की तलाश में जुट गई हैं। ग्रामीण भी सर्च अभियान में सहयोग कर रहे हैं। आसपास के जंगलों और संभावित ठिकानों पर तलाश की जा रही है। ग्रामीणों को आशंका है कि तेंदुआ दोबारा आबादी वाले इलाके में आकर हमला कर सकता है। वन विभाग की ओर से नियमों के अनुसार पीड़ित परिवार को सहायता राशि दिए जाने की बात कही गई है।