सीहोर में ओवरब्रिज निर्माण पर फूटा गुस्सा, लोगों ने किया चक्काजाम, विधायक सुदेश राय ने ठेकेदार को लगाई फटकार

Sudesh Rai News: सीहोर में निर्माणाधीन ओवरब्रिज पर सर्विस रोड नहीं बनने से लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। रहवासियों ने चक्काजाम और सद्बुद्धि हवन किया। विधायक सुदेश राय ने ठेकेदार को फटकार लगाई।
Sehore Overbridge Protest
ठेकेदार को फटकारते विधायक (फोटो सोर्स- नवभारत)
Published on
Updated on

Sehore Overbridge Protest: सीहोर जिले में निर्माणाधीन ओवरब्रिज को लेकर लोगों का आक्रोश खुलकर सामने आ गया। हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी और चाणक्यपुरी क्षेत्र के सैकड़ों रहवासियों ने सर्विस रोड का निर्माण नहीं होने और ओवरब्रिज निर्माण में कथित लापरवाही के विरोध में सड़क पर उतरकर चक्काजाम किया। प्रदर्शनकारियों ने ब्रिज कॉर्पोरेशन और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। विरोध प्रदर्शन के दौरान अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की सद्बुद्धि के लिए सड़क पर ही यज्ञ-हवन भी किया गया।

प्रदर्शन कर रहे नागरिकों का कहना है कि वे कई महीनों से सर्विस रोड निर्माण की मांग कर रहे हैं। इस संबंध में उन्होंने कई बार संबंधित विभाग के अधिकारियों को लिखित आवेदन दिए और जनप्रतिनिधियों को भी समस्या से अवगत कराया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। लोगों का आरोप है कि उन्हें केवल आश्वासन दिए गए, जिसके बाद मजबूर होकर आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा।

सर्विस रोड नहीं बनने से बढ़ी लोगों की परेशानी

रहवासियों ने बताया कि ओवरब्रिज निर्माण की धीमी गति और सर्विस रोड के अभाव में क्षेत्र का आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। सड़क पर धूल, कीचड़ और अधूरे निर्माण कार्य के कारण आए दिन लोग चोटिल हो रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि सर्विस रोड नहीं होने से हर समय सड़क दुर्घटना का खतरा बना रहता है।

विधायक सुदेश राय ने ठेकेदार को फटकारा

प्रदर्शन की सूचना मिलने पर सीहोर विधायक सुदेश राय मौके पर पहुंचे। उन्होंने भी निर्माण कार्य में लापरवाही पर नाराजगी जताई और ठेकेदार को फटकार लगाई। विधायक ने स्पष्ट कहा कि जब तक सर्विस रोड का निर्माण पूरा नहीं किया जाता, तब तक ओवरब्रिज के निर्माण कार्य को आगे नहीं बढ़ने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनता की परेशानी को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता और पहले सर्विस रोड बनाकर लोगों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराई जाए। इसके बाद ही ओवरब्रिज का शेष निर्माण कार्य किया जाएगा।

उग्र आंदोलन की चेतावनी

प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन और ब्रिज कॉर्पोरेशन को चेतावनी दी कि यदि जल्द ही सर्विस रोड का निर्माण शुरू कर समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया तो उग्र आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति में किसी भी प्रकार की जनहानि या अव्यवस्था की पूरी जिम्मेदारी संबंधित विभाग और प्रशासन की होगी।

प्रशासन के फैसले पर टिकी नजर

स्थानीय लोगों का कहना है कि वे विकास कार्यों के विरोधी नहीं हैं, लेकिन विकास कार्यों के दौरान आम नागरिकों की सुरक्षा और सुविधा को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। फिलहाल प्रशासन की ओर से सर्विस रोड निर्माण को लेकर क्या निर्णय लिया जाता है, इस पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।

Navbharat Live
navbharatlive.com