सागर में शराबकांड आरोपी के रिसॉर्ट पर चला बुलडोजर, 24 घंटे पहले खाद्य विभाग ने किया था सील; अब अतिक्रमण ध्वस्त

Sagar Liquor Case Action: NH-44 स्थित पाथवे रिट्रीट रिजॉर्ट पर प्रशासन की कार्रवाई, बाउंड्री समेत बाहर किए गए अतिक्रमण हटाए, भारी पुलिस बल के साथ पहुंचा अमला।
bulldozer action on liquor case accused resort in Sagar
शराबकांड आरोपी के रिसॉर्ट पर बुलडोजर(सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Bulldozer Action On Resort Sagar: सागर जिले के बंडा में जहरीली शराब से हुई मौतों के मामले में प्रशासन का एक्शन लगातार जारी है। शराबकांड के आरोपियों की संपत्तियों पर किए गए अतिक्रमण को चिन्हित कर उन्हें हटाने की कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में लाइसेंसी शराब ठेकेदार और मामले में आरोपी बनाए गए सिद्धार्थ सिंह कुशवाहा के रिसॉर्ट पर प्रशासन ने बुलडोजर चलाया।

यह कार्रवाई नेशनल हाईवे-44 पर रूसल्ला गांव स्थित पाथवे रिट्रीट रिजॉर्ट में की गई। प्रशासन की टीम ने रिसॉर्ट के बाहर बनी बाउंड्री सहित अन्य चिन्हित अतिक्रमण को जेसीबी की मदद से ध्वस्त किया। कार्रवाई के लिए दो बुलडोजर मौके पर लगाए गए थे।

भारी पुलिस बल के साथ पहुंचा प्रशासन

कार्रवाई के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। मौके पर एसडीएम, तहसीलदार, सीएसपी, थाना प्रभारी और अतिक्रमण हटाने वाला प्रशासनिक अमला मौजूद रहा। भारी पुलिस सुरक्षा के बीच चिन्हित हिस्सों को तोड़ने की कार्रवाई की गई।

एक दिन पहले खाद्य विभाग ने किया था रिसॉर्ट सील

खास बात यह है कि कार्रवाई से करीब 24 घंटे पहले ही खाद्य सुरक्षा विभाग समेत अन्य प्रशासनिक टीमों ने इसी रिसॉर्ट का निरीक्षण किया था। जांच के दौरान रिसॉर्ट का किचन अत्यधिक अस्वच्छ पाया गया था। अधिकारियों के अनुसार, संचालक आवश्यक वैधानिक दस्तावेज भी प्रस्तुत नहीं कर सका था। खाद्य सुरक्षा अधिकारी शीतल सिंह ने मौके से पनीर, चटनी, दाल और मूंगफली के नमूने लिए थे, जिन्हें परीक्षण के लिए प्रयोगशाला भेजा गया। इसके बाद रिसॉर्ट को सील कर दिया गया था।

bulldozer action on liquor case accused resort in Sagar
भोपाल: 31 घंटे से उपवास पर पूर्व मंत्री PC शर्मा, सरकार के खिलाफ प्रदर्शन; मास्टर प्लान लागू करने की रखी मांग

शराबकांड के आरोपियों की संपत्तियों पर प्रशासन की नजर

बंडा जहरीली शराब मामले के बाद प्रशासन द्वारा आरोपियों से जुड़ी संपत्तियों और कथित अतिक्रमणों को चिन्हित कर कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में पाथवे रिट्रीट रिजॉर्ट पर यह कार्रवाई की गई। प्रशासन के मुताबिक, रूसल्ला और बहेरिया क्षेत्र में अन्य होटल और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के निरीक्षण के दौरान भी सुरक्षा, खाद्य स्वच्छता और राजस्व संबंधी नियमों में खामियां सामने आई थीं। बहेरिया तिराहा स्थित सुरुचि होटल और बहेरिया के हाईवे हब में भी सुरक्षा मानकों और राजस्व नियमों के उल्लंघन पाए जाने की बात प्रशासन ने कही है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com