सागर जहरीली शराब कांड के बाद नारी शक्ति ने काटा बवाल, बहरोल में वाइन शॉप पर महिलाओं का हंगामा- VIDEO

Sagar Liquor Tragedy: हाथों में तख्तियां लेकर थाना पहुंचीं महिलाएं, शराब दुकान के बाहर तोड़फोड़ की कोशिश। हंगामे का वीडियो सोशल मीडिया पर हो रहा वायरल, कहा- शराब दुकान किसी भी हाल में नहीं चाहिए।
women protest at wine shop after Sagar liquor tragedy
सागर शराब कांड के बाद फूटा महिलाओं का गुस्सा(सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Women Angry After Sagar Liquor Case: सागर जिले के बंडा क्षेत्र में जहरीली शराब से हुई मौतों के बाद लोगों का गुस्सा अब शराब दुकानों के खिलाफ भी नजर आ रहा है। बहरोल इलाके से सामने आए एक वीडियो में गांव की बड़ी संख्या में महिलाएं शराब दुकान के बाहर पहुंचकर विरोध और हंगामा करती नजर आ रही हैं। बताया जा रहा है कि यह वीडियो करीब तीन दिन पुराना है, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

वीडियो में महिलाएं शराब दुकान को बंद कराने की मांग करती दिखाई दे रही हैं। इस दौरान शराब दुकान के बाहर तोड़फोड़ की कोशिश किए जाने और आसपास चाय-नाश्ते, पान-गुटखे की गुमटी लगाने वालों से भी महिलाओं के विवाद की तस्वीरें सामने आई हैं।

हाथों में तख्तियां लेकर थाना पहुंचीं महिलाएं

जहरीली शराब कांड के बाद बहरोल क्षेत्र की महिलाओं और स्थानीय रहवासियों ने शराब दुकान के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। बड़ी संख्या में महिलाएं हाथों में तख्तियां लेकर और नारेबाजी करते हुए बहरोल थाना पहुंचीं। यहां महिलाओं ने थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपकर गांव में संचालित शराब दुकान को तत्काल बंद कराने की मांग की। महिलाओं का कहना था कि शराब की वजह से परिवारों पर संकट खड़ा हो रहा है और जहरीली शराब से हुई मौतों के बाद स्थिति और गंभीर हो गई है।

‘शराब दुकान किसी भी हाल में नहीं चाहिए’

प्रदर्शन कर रही महिलाओं ने शराब के अवैध कारोबार और जहरीली शराब की घटना को लेकर नाराजगी जताई। उनका कहना था कि शराब के कारण परिवारों में विवाद और आर्थिक परेशानियां बढ़ रही हैं। जहरीली शराब से हुई मौतों के बाद अब ग्रामीण अपने गांव में शराब की दुकान नहीं चाहते। महिलाओं ने प्रशासन से शराब दुकान के संचालन की जांच कराने और इसे बंद कराने की मांग की।

जहरीली शराब कांड के बाद बढ़ा आक्रोश

बंडा क्षेत्र में जहरीली शराब के सेवन से हुई मौतों के बाद पुलिस और प्रशासन की कार्रवाई जारी है। इसी बीच ग्रामीण इलाकों में भी शराब के खिलाफ विरोध के मामले सामने आ रहे हैं। बहरोल की महिलाओं का प्रदर्शन इसी बढ़ते जनआक्रोश की तस्वीर पेश करता है। महिलाओं का कहना है कि शराब की बिक्री पर प्रभावी नियंत्रण नहीं किया गया तो आने वाले समय में स्थिति और गंभीर हो सकती है।

फिलहाल सामने आया वीडियो करीब तीन दिन पुराना बताया जा रहा है, जो अब वायरल होने के बाद चर्चा में है। जिला प्रशासन की ओर से शराब दुकान को लेकर क्या कार्रवाई की गई है, इसकी जानकारी सामने आना बाकी है।

women protest at wine shop after Sagar liquor tragedy
फेसबुक पर प्यार, दुबई में 6 साल साथ रहे, जबलपुर में शादी...डेढ़ साल बाद पति की तलाश में भटक रही पत्नी
Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com