

Sagar Collector Surprise Inspection: सागर कलेक्टर प्रतिभा पाल ने मंगलवार को बमोरी बीका और सेमराबाग स्थित आंगनवाड़ी केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वीएचएसएनडी (ग्राम स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पोषण दिवस) सेशन की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
कलेक्टर ने केंद्र पर मौजूद महिलाओं, बच्चों और स्वास्थ्यकर्मियों से सीधे बातचीत कर जमीनी स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने गर्भवती महिलाओं के स्वास्थ्य से जुड़ी व्यवस्थाओं और नियमित जांच की स्थिति की विस्तार से समीक्षा की।
कलेक्टर ने एएनएम से चिन्हांकित गर्भवती महिलाओं, उनकी एएनसी जांच, हीमोग्लोबिन स्तर, ब्लड प्रेशर और हाई रिस्क प्रेग्नेंसी से जुड़ी जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान कुछ महिलाओं में मध्यम एनीमिया की स्थिति सामने आई। इस पर उन्होंने नियमित हीमोग्लोबिन, ब्लड सैंपल और बीपी जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी योग्य दंपति की एंट्री छूटनी नहीं चाहिए और गर्भवती महिला की पहली एएनसी जांच में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं की लगातार मॉनिटरिंग और समय-समय पर जांच कराने पर भी जोर दिया गया।
कलेक्टर प्रतिभा पाल ने बच्चों के टीकाकरण को समय पर पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने आंगनवाड़ी केंद्र में बच्चों को दिए जाने वाले भोजन का सैंपल भी देखा और आमजन से केंद्र के नियमित संचालन को लेकर फीडबैक लिया। बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए खेल एवं पाठ्य सामग्री का बेहतर उपयोग करने को कहा। साथ ही क्षतिग्रस्त आंगनवाड़ी भवन की छत की जल्द मरम्मत कराने के निर्देश दिए।
इसके बाद कलेक्टर ने शासकीय प्राथमिक शाला लालेपुरा का निरीक्षण किया। उन्होंने बच्चों से आत्मीय बातचीत करते हुए उनसे पहाड़ा सुना। बच्चों ने आत्मविश्वास के साथ पहाड़ा सुनाया, जिस पर कलेक्टर ने उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने विद्यार्थियों से उनके भविष्य के लक्ष्य, स्कूल में नियमित उपस्थिति और मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता के बारे में जानकारी ली। कलेक्टर ने बच्चों को रोज स्कूल आने, मन लगाकर पढ़ाई करने, खेलकूद में हिस्सा लेने और पौष्टिक भोजन करने की समझाइश दी। निरीक्षण के दौरान एसडीएम रोहित वर्मा सहित स्वास्थ्य एवं महिला-बाल विकास विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।