सीहोर: कुबेरेश्वर धाम में मोबाइल चोरी करने वाला अंतरजिला गिरोह पर्दाफाश, 6 गिरफ्तार; कार और मोबाइल बरामद

Sehore Mobile Theft Case: कुबेरेश्वर धाम में श्रद्धालुओं का सामान चुराने वाले अंतरजिला गिरोह का पुलिस ने किया पर्दाफाश, सादी वर्दी में तैनात मंडी पुलिस टीम ने 2 नाबालिगों समेत 6 शातिरों को दबोचा।
Inter-District mobile theft gang busted at Kubereshwar Dham
सीहोर में मोबाइल चोरी करने वाले अंतरजिला गिरोह का पर्दाफाश(सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Kubereshwar Dham Mobile Theft Gang: सीहोर के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल कुबेरेश्वर धाम में श्रद्धालुओं के मोबाइल और कीमती सामान चोरी करने वाले अंतरजिला गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। थाना मंडी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गिरोह के 6 सदस्यों को गिरफ्तार किया है, जिनमें 2 विधिविरुद्ध बालक भी शामिल हैं।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी बड़े धार्मिक आयोजनों और भीड़भाड़ वाले स्थानों को निशाना बनाकर चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। कार्रवाई पुलिस अधीक्षक श्रीमती सोनाक्षी सक्सेना के निर्देश, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. प्रशांत चौबे और नगर पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिनंदना शर्मा के मार्गदर्शन में की गई।

शिकायतों के बाद बनाई गई विशेष टीम, घेराबंदी कर पकड़े आरोपी

17 अगस्त को कुबेरेश्वर धाम परिसर से लगातार चोरी की शिकायतें मिलने के बाद थाना मंडी में धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामले दर्ज किए गए थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक अर्चना सिंह चौहान के नेतृत्व में पुलिस टीम को सादी वर्दी में श्रद्धालुओं के बीच तैनात किया गया। पुलिस ने संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखते हुए घेराबंदी की और 6 संदिग्धों को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपियों ने धाम परिसर में चोरी की वारदातें करना स्वीकार किया।

नाबालिगों को भी गिरोह में किया था शामिल

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे अपने निजी वाहन से धार्मिक मेलों और अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों पर जाते थे। भीड़ के बीच लोगों का ध्यान भटकाकर मोबाइल फोन और अन्य कीमती सामान चोरी करना उनका तरीका था। पुलिस के अनुसार, किसी को संदेह न हो, इसके लिए गिरोह में नाबालिगों को भी शामिल किया गया था। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अशोक शिंदे निवासी सेंधवा, तालिब पठान निवासी भीकनगांव, विशाल नायक निवासी सेंधवा और फरहान अली निवासी सेंधवा के रूप में हुई है। इनके साथ 2 विधिविरुद्ध बालकों को भी पकड़ा गया है।

Inter-District mobile theft gang busted at Kubereshwar Dham
मध्य प्रदेश के पन्ना में बृहस्पति कुंड ग्लास ब्रिज पर दो महिलाओं के बीच भयंकर हाथापाई; VIDEO वायरल

14 लाख की कार और मोबाइल बरामद, आरोपियों पर पहले से केस

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 30 हजार रुपए कीमत के दो मोबाइल फोन, जिनमें ओप्पो और रियलमी शामिल हैं, बरामद किए हैं। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल करीब 14 लाख रुपए कीमत की किया कैरेंस कार भी जब्त की गई है। पुलिस के मुताबिक, अशोक शिंदे के खिलाफ महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश में लूट, मारपीट, एससी-एसटी एक्ट, जुआ और चोरी सहित कई मामले दर्ज हैं। वहीं विशाल नायक के खिलाफ बड़वानी में जुआ एक्ट का प्रकरण दर्ज है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है। कार्रवाई में थाना प्रभारी अर्चना सिंह चौहान सहित पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com