

Highlights:
सागर में भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष ने शराब दुकान के खिलाफ खोला मोर्चा।
आकृति जड़िया के साथ लाठियां लेकर पहुंचीं महिलाएं।
मछरयाई क्षेत्र में 30 साल से चल रही है शराब दुकान।
कलेक्ट्रेट पहुंचकर दुकान को स्थायी रूप से हटाने की मांग।
BJP Leader Protest Against Liquor Shop in Sagar : सागर में भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश उपाध्यक्ष और पार्षद आकृति जड़िया महिलाओं के साथ शराब दुकान के विरोध में सड़क पर उतर आईं। हाथों में लाठियां लेकर पहुंचीं महिलाओं ने दुकान बंद कराने की मांग की। उन्होंने साफ चेतावनी दी कि अगर दुकान दोबारा खुली तो वे खुद उसे बंद कराने के लिए आगे आएंगी।
मामला सागर के केशवगंज वार्ड स्थित मछरयाई क्षेत्र का है। यहां करीब 30 साल से शराब दुकान चल रही है। पिछले दिनों क्षेत्र में शराब पीने से हुई मौत के बाद स्थानीय लोगों का गुस्सा बढ़ गया। दो दिन तक बंद रहने के बाद सोमवार सुबह जैसे ही दुकान फिर खुली, बड़ी संख्या में महिलाएं लाठियां लेकर वहां पहुंच गईं और विरोध शुरू कर दिया।
सागर में प्रदर्शन कर रही महिलाओं का कहना है कि शराब दुकान के चलते इलाके का माहौल बिगड़ रहा है। उनका आरोप है कि यहां शराब बिक्री के साथ जुआ और सट्टे जैसी गतिविधियां भी चलती हैं। शराब पीकर आने वाले लोगों की वजह से महिलाओं को घर से बाहर निकलने में परेशानी होती है। उनका कहना है कि कई बार शिकायत करने के बाद भी समस्या का समाधान नहीं हुआ।
सड़क पर विरोध जताने के बाद आकृति जड़िया महिलाओं के साथ कलेक्ट्रेट पहुंचीं। यहां अधिकारियों को आवेदन देकर शराब दुकान को हमेशा के लिए हटाने की मांग की। महिलाओं ने कहा कि कुछ दिनों के लिए दुकान बंद करना समस्या का हल नहीं है। इसे दूसरी जगह भी नहीं, बल्कि क्षेत्र से पूरी तरह हटाया जाना चाहिए।
आकृति जड़िया ने कहा कि क्षेत्र की महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। यदि शराब दुकान दोबारा खोली गई तो महिलाएं खुद आगे आकर इसे बंद कराएंगी। उन्होंने प्रशासन से जल्द फैसला लेने की मांग की है।