

Highlights:
सागर में शराब पीने के बाद दो युवकों की बिगड़ी तबीयत।
35 वर्षीय विष्णु खटीक की मौत, 42 वर्षीय कमलेश सोनी अस्पताल में भर्ती।
सरकारी शराब दुकान को प्रशासन ने किया सील।
शराब के सैंपल लेकर गुणवत्ता की जांच कराई जाएगी।
Youth Dies After Drinking Liquor in Sagar : सागर में शराब पीने के कुछ देर बाद दो युवकों की तबीयत बिगड़ गई। इनमें से एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरे को गंभीर हालत में बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। घटना मछरियाई इलाके में सरकारी शराब दुकान के पास हुई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने संबंधित शराब दुकान को सील कर दिया है। शराब के सैंपल लेकर उनकी गुणवत्ता की जांच कराई जाएगी। फिलहाल युवक की मौत की वजह साफ नहीं है।
जानकारी के मुताबिक, 35 वर्षीय विष्णु खटीक और 42 वर्षीय कमलेश सोनी ने मछरियाई स्थित सरकारी शराब दुकान से शराब खरीदी थी। दोनों ने शराब पीने के कुछ देर बाद अचानक तबीयत बिगड़ने की शिकायत की। आसपास मौजूद लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस दोनों युवकों को तत्काल बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंची।
अस्पताल में डॉक्टरों ने विष्णु खटीक को मृत घोषित कर दिया। वहीं, कमलेश सोनी को इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। विष्णु के शराब पीने का आदी होने की बात भी सामने आई है।
घटना के बाद एहतियातन प्रशासन ने मछरियाई स्थित संबंधित सरकारी शराब दुकान को सील कर दिया है। अधिकारियों के मुताबिक, दुकान से शराब के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे जाएंगे। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। एएसपी नरेंद्र सोलंकी के मुताबिक, जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल यह कहना जल्दबाजी होगी कि मौत शराब के सेवन से ही हुई है।
सागर जिले में शराब से जुड़ी यह घटना ऐसे समय सामने आई है, जब कुछ समय पहले बंडा क्षेत्र में जहरीली शराब पीने से 20 से अधिक लोगों की मौत हो गई थी। इस घटना में 125 से ज्यादा लोगों की तबीयत भी बिगड़ी थी। ऐसे में मछरियाई की घटना ने एक बार फिर जिले में शराब की गुणवत्ता और निगरानी व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।