शादी में पुलिस की ‘सरप्राइज एंट्री’, सागर में मंडप से सीधे थाने पहुंचे दूल्हा-दुल्हन; जानें पूरा मामला
Madhya Pradesh News: सागर में शादी के मंडप से दूल्हा-दुल्हन को जाना पड़ा थाने, जिला बदर जीजा की गिरफ्तारी के बाद मचा हड़कंप। नियमों के उल्लंघन पर पुलिस ने की कड़ी कार्रवाई।
- Written By: सजल रघुवंशी
सागर में दुल्हा-दुल्हन पहुंचे थाने (सोर्स- सोशल मीडिया)
Police Surprise Entry In Wedding: सागर जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां एक शादी समारोह अचानक उस समय विवाद और अफरा-तफरी में बदल गया, जब मौके पर पुलिस पहुंच गई। हालात ऐसे बने कि शादी की रस्मों के बीच दूल्हा-दुल्हन को भी विवाह के कपड़ों में ही थाने तक जाना पड़ा। घटना के बाद पूरे इलाके में इस मामले की चर्चा तेज हो गई है।
जानकारी के अनुसार मामला कैंट थाना क्षेत्र का है। बताया जा रहा है कि स्टेशन इलाके में रहने वाले करण बंसल का विवाह समारोह चल रहा था। घर में शादी की रस्में और मेहमानों की आवाजाही जारी थी, तभी पुलिस टीम वहां पहुंची और दूल्हे के जीजा छोटू बंसल को अपने साथ ले गई। पुलिस की अचानक हुई कार्रवाई से शादी समारोह में मौजूद लोगों और परिवार के सदस्यों में हड़कंप मच गया।
जिला बदर निकला दुल्हे का जीजा
पुलिस के मुताबिक हिरासत में लिए गए छोटू बंसल के खिलाफ पहले से कई आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। प्रशासन की ओर से उन पर जिला बदर की कार्रवाई भी लागू की गई थी, जिसके तहत उन्हें निर्धारित अवधि तक जिले की सीमा में प्रवेश करने की अनुमति नहीं थी। इसके बावजूद छोटू बंसल कथित तौर पर नियमों का उल्लंघन करते हुए शादी समारोह में शामिल होने सागर पहुंच गए थे। पुलिस को जैसे ही उनके शहर में मौजूद होने की जानकारी मिली, टीम तुरंत मौके पर पहुंची और उन्हें पकड़ लिया।
सम्बंधित ख़बरें
MP विधानसभा: 1479 सवालों पर सरकार की चुप्पी पर कांग्रेस का प्रहार, अब हर लंबित प्रश्न का होगा हिसाब!
भेरूघाट में चलती कार में लगी आग, पुलिस की तत्परता से बची 8 लोगों की जान
मेट्रोपॉलिटन रीजन के मुख्यालय पर सियासत तेज: सांसद के पत्र पर कांग्रेस का सवाल- अब तक कहां थे आप
वेयरहाउस विवाद पर सियासत तेज, संजय नगाइच के आरोपों पर कांग्रेस का पलटवार; पटवारी के समर्थन में उतरी पार्टी
‘विवाह समारोह पूरे होने तक तो छोड़ दो’
जीजा की गिरफ्तारी के बाद शादी का माहौल अचानक तनावपूर्ण हो गया। हालात ऐसे बने कि दूल्हा और दुल्हन विवाह के पारंपरिक परिधानों में ही सीधे कैंट थाना पहुंच गए। परिजनों ने पुलिस से भावुक होकर गुहार लगाई कि दूल्हे के पिता का पहले ही निधन हो चुका है और परिवार में बड़े सदस्य की भूमिका छोटू बंसल ही निभा रहे हैं। उनका कहना था कि शादी की रस्मों और व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी भी उन्हीं के पास है, इसलिए कम से कम विवाह समारोह पूरा होने तक उन्हें छोड़ दिया जाए।
यह भी पढ़ें: मध्य प्रदेश में फिर लौटेगी झुलसाने वाली गर्मी, 43 डिग्री तक पहुंचेगा पारा; जानें अपने शहर का हाल
सोशल मीडिया पर हुई खूब चर्चा
हालांकि सागर पुलिस ने यह साफ किया कि जिला बदर के आदेश का उल्लंघन गंभीर मामला माना जाता है और इसी आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की गई है। इस घटना के बाद एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें दूल्हा और दुल्हन कैंट थाना के बाहर खड़े दिखाई दे रहे हैं।
