

Deori Congress Victory Rally: दतिया विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस की जीत के बाद प्रदेशभर में पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच उत्साह का माहौल है। इसी क्रम में सागर जिले के देवरी में कांग्रेस ने शक्ति प्रदर्शन करते हुए भव्य विजय जुलूस निकाला। पूर्व मंत्री हर्ष यादव के नेतृत्व में निकले इस जुलूस में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। ढोल-नगाड़ों, आतिशबाजी और मिठाई वितरण के बीच कार्यकर्ताओं ने जीत का जश्न मनाया।
विजय जुलूस देवरी शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरा। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पार्टी के समर्थन में जमकर नारेबाजी की और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाई दी। पूरे शहर में उत्सवी माहौल देखने को मिला। कई स्थानों पर स्थानीय लोगों ने भी जुलूस का स्वागत किया और कांग्रेस नेताओं व कार्यकर्ताओं को जीत की शुभकामनाएं दीं।
इस मौके पर पूर्व मंत्री हर्ष यादव ने कहा कि दतिया उपचुनाव का परिणाम जनता के विश्वास और कांग्रेस की जनहितैषी नीतियों की जीत है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता बदलाव चाहती है और दतिया का जनादेश इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण संदेश देता है। उन्होंने इसे संगठन की एकजुटता और कार्यकर्ताओं की मेहनत का परिणाम बताया।
हर्ष यादव ने कार्यकर्ताओं से कहा कि यह जीत जिम्मेदारी भी बढ़ाती है। उन्होंने सभी से जनता के बीच लगातार सक्रिय रहने, उनकी समस्याओं के समाधान के लिए संघर्ष करने और कांग्रेस संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने का आह्वान किया।
ये भी पढ़ें : Jabalpur News: छेड़छाड़ से परेशान मां-बेटी की एसपी से गुहार, बड़ी बेटी के कथित अपहरण का आरोप, दहशत में परिवार
जुलूस के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। ढोल-नगाड़ों की गूंज, आतिशबाजी और जयकारों से पूरा देवरी कांग्रेसमय नजर आया। पार्टी नेताओं ने कहा कि यह जीत केवल दतिया विधानसभा सीट तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रदेश की जनता के बढ़ते विश्वास और कांग्रेस की मजबूत होती संगठनात्मक ताकत का प्रतीक है।