

Highlights:
रीवा के जवा थाना क्षेत्र में करंट लगने से 19 वर्षीय युवती की मौत।
आधी रात प्रेमी से मिलने खेत पर पहुंची थी युवती।
लोहे की फेंसिंग में करंट होने की बात सामने आई।
प्रेमिका की मौत के बाद प्रेमी ने उसके भाई को दी सूचना।
Rewa Girl Electric Shock Death : रीवा के जवा थाना क्षेत्र में प्रेमी से मिलने गई 19 वर्षीय युवती की करंट लगने से मौत हो गई। घटना मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात करीब 3 बजे की बताई जा रही है। युवती खेत के चारों ओर लगी लोहे की तारों की फेंसिंग पार कर रही थी, तभी वह करंट की चपेट में आ गई। बताया जा रहा है कि खेत की बाड़ी में करंट प्रवाहित था।
प्रेमिका को मृत देखकर प्रेमी बदहवास हो गया। उसने युवती के भाई को फोन कर घटना की जानकारी दी। पुलिस ने खेत मालिक के खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, जवा थाना क्षेत्र के एक गांव में रहने वाली 19 वर्षीय युवती का पास के दूसरे गांव में रहने वाले 19 वर्षीय युवक से प्रेम प्रसंग था। दोनों के गांवों के बीच करीब दो किलोमीटर की दूरी है। मंगलवार देर रात युवक पहले ही तय स्थान पर पहुंच गया था। युवती भी घर से निकलकर उससे मिलने खेत की ओर जा रही थी। खेत युवती के घर से लगभग 500 मीटर दूर बताया जा रहा है।
बताया जा रहा है कि खेत के चारों ओर लोहे के कटीले तारों से घेराबंदी की गई थी। आरोप है कि इन तारों में करंट प्रवाहित किया जा रहा था। खेत में प्रवेश करने के लिए युवती ने फेंसिंग के नीचे से निकलने की कोशिश की, तभी वह बिजली की चपेट में आ गई। करंट का झटका इतना तेज था कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
रीवा में युवती की मौत के बाद युवक घबरा गया। बदहवास हालत में उसने युवती के भाई को फोन किया और पूरी घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही परिजन घटनास्थल पर पहुंचे। युवती को मृत देखकर परिवार में कोहराम मच गया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
जवा थाना पुलिस के एएसआई अखिलेश्वर सिंह के मुताबिक, सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच और पूछताछ की। शुरुआती जानकारी में खेत की लोहे की फेंसिंग में करंट प्रवाहित होने की बात सामने आई है। पुलिस ने खेत मालिक के खिलाफ आपराधिक प्रकरण दर्ज कर लिया है।
रीवा पुलिस घटना से पहले की परिस्थितियों और युवती को रात में मिलने के लिए बुलाने से जुड़े पहलुओं की भी जांच कर रही है। प्रेमी की भूमिका भी जांच के दायरे में है। पुलिस के मुताबिक, परिजनों की ओर से लगाए गए आरोपों और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस खेत में करंट प्रवाहित होने और युवती की मौत के पूरे घटनाक्रम की पड़ताल कर रही है।