रीवा में नेशनल हाईवे पर आधी रात को बड़ा एक्शन; लग्जरी कार से बरामद हुआ 5 क्विंटल बारूद और डेटोनेटर

Explosives Seizure In Rewa: रीवा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए, लग्जरी कार से 5 क्विंटल अवैध जिलेटिन रॉड्स और डेटोनेटर जब्त किए हैं। इस दौरान मऊगंज का चालक कमलेश सेन को भी गिरफ्तार किया गया है।
rewa-big-explosives-seizure-by-police-investigation-begin-accused-arrested
रीवा में पुलिस की बड़ी कार्रवाई (सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Rewa Big Explosives Seizure: रीवा जिले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक लग्जरी कार से भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री बरामद की है। रायपुर कर्चुलियान थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर हाईवे पर घेराबंदी कर वाहन को रोका और तलाशी के दौरान सैकड़ों किलो जिलेटिन, डेटोनेटर तथा अन्य विस्फोटक उपकरण जब्त किए।

मामले में कार चालक को गिरफ्तार कर पुलिस पूछताछ कर रही है। प्रारंभिक जांच में चालक वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका, जिसके बाद उसके खिलाफ विस्फोटक अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है।

जांच के दौरान मिली जिलेटिन रॉड और डेटोनेटर

जानकारी के मुताबिक देर रात रायपुर कर्चुलियान पुलिस को सूचना मिली थी कि एक कार में बड़ी मात्रा में विस्फोटक सामग्री ले जाई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारियों को अवगत कराया गया और हाईवे पर निगरानी बढ़ा दी गई। कुछ ही देर बाद संदिग्ध वाहन को रोककर उसकी तलाशी ली गई। जांच के दौरान कार के अंदर भारी मात्रा में जिलेटिन रॉड, डेटोनेटर और केबल बरामद हुए, जिसे देखकर पुलिस टीम भी हैरान रह गई।

विस्फोटक सामग्री मिलने के बाद बम निरोधक दस्ता एक्टिव

विस्फोटक सामग्री मिलने के बाद पुलिस ने तत्काल बम निरोधक दस्ते को मौके पर बुलाया। टीम ने सामग्री का परीक्षण किया और सुरक्षा मानकों के तहत उसे कब्जे में लिया गया। जांच में बरामद जिलेटिन का वजन करीब पांच क्विंटल बताया जा रहा है। पुलिस ने वाहन चालक कमलेश सेन को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार यह सामग्री मऊगंज क्षेत्र से लाई जा रही थी और इसे बेला गांव की ओर ले जाया जा रहा था।

पुलिस ने दर्ज किया मामला, आरोपी से पूछताछ जारी

पुलिस का कहना है कि चालक से जब विस्फोटक सामग्री के परिवहन संबंधी वैध दस्तावेज मांगे गए तो वह कोई संतोषजनक रिकॉर्ड प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद आरोपी के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर कार और पूरी सामग्री जब्त कर ली गई। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी मात्रा में विस्फोटक कहां से लाया गया था और इसका इस्तेमाल किस उद्देश्य से किया जाना था।

फिलहाल रीवा पुलिस आरोपी से लगातार पूछताछ कर रही है। जांच एजेंसियां विस्फोटक सामग्री की सप्लाई चेन, संभावित उपयोग और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी पड़ताल कर रही हैं। मामले में आगे और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com