रीवा में ड्यूटी के दौरान नशे में पुलिसकर्मी ने किया हाईवोल्टेज ड्रामा, खुद को बताया गुंडा, वायरल हो रहा वीडियो

Rewa Amhiya Police Station : रीवा के अमहिया थाने से शराब नशे में पुलिसकर्मी का वीडियो वायरल हुआ है। अभद्रता और खुद को ‘गुंडा’ बताने के आरोपों के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं।
Rewa Drunk Policeman Viral Video
नशे में पुलिसकर्मी का ड्रामा (फोटो सोर्स- नवभारत)
Published on
Updated on

Rewa Drunk Policeman Viral Video: मध्य प्रदेश पुलिस इन दिनों “नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0” अभियान चलाकर लोगों को नशे के खिलाफ जागरूक करने में जुटी है। इसी बीच रीवा के अमहिया थाने से सामने आए एक वायरल वीडियो ने पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। वीडियो में एक पुलिसकर्मी ड्यूटी के दौरान नशे की हालत में दिखाई दे रहा है। उस पर लोगों से अभद्र व्यवहार करने और खुद को “गुंडा” बताकर धमकाने के आरोप लगाए जा रहे हैं।

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद शहर में इस मामले को लेकर चर्चा तेज हो गई है। वीडियो में दिखाई दे रहा पुलिसकर्मी लोगों से बहस करता नजर आ रहा है। पुलिस विभाग की ओर से भी इस मामले में आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

पुलिस की कार्रवाई पर उठे सवाल

मामले के सामने आने के बाद लोगों का कहना है कि आम नागरिक यदि नशे की हालत में उपद्रव करता है तो पुलिस तत्काल मेडिकल परीक्षण, एफआईआर और गिरफ्तारी जैसी कार्रवाई करती है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि यदि आरोप किसी वर्दीधारी पर हैं, तो क्या उसी तरह की सख्त कार्रवाई की जाएगी? लोगों का कहना है कि कानून का पैमाना सभी के लिए समान होना चाहिए।

पुलिस की साख पर असर

इस घटना ने पुलिस की विश्वसनीयता और जवाबदेही पर भी बहस छेड़ दी है। जिन पर कानून व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी होती है, यदि उन्हीं पर इस तरह के आरोप लगें तो आम जनता का भरोसा प्रभावित होता है। सोशल मीडिया और स्थानीय स्तर पर लोग यह सवाल उठा रहे हैं कि क्या “नशे से दूरी है ज़रूरी” अभियान पुलिस विभाग के भीतर भी उतनी ही गंभीरता से लागू होगा, जितनी अपेक्षा जनता से की जाती है।

जनता को जांच और पारदर्शिता का इंतजार

फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या संबंधित पुलिसकर्मी का मेडिकल परीक्षण कराया जाएगा और क्या पूरे मामले की पारदर्शी जांच होगी। रीवा में इस मामले को लेकर लोग किसी विशेष कार्रवाई से अधिक निष्पक्ष जांच और कानून के समान अनुपालन की मांग कर रहे हैं।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com