

Sagar Youth Congress Protest Against Central Government: सागर में बुधवार को जिला युवा कांग्रेस ने केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। दिल्ली में छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा सहित अन्य कांग्रेस नेताओं की गिरफ्तारी के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट का घेराव किया। भारी पुलिस बल और बैरिकेडिंग के बीच हुए इस प्रदर्शन में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग भी उठाई गई।
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के राष्ट्रव्यापी "छात्रों की गूंज" अभियान के तहत जिला युवा कांग्रेस के नेतृत्व में कार्यकर्ता पहलवान बाबा मंदिर के पास एकत्र हुए। यहां से नारेबाजी करते हुए सभी कलेक्ट्रेट पहुंचे। पुलिस ने पहले से ही व्यापक सुरक्षा व्यवस्था और बैरिकेडिंग कर रखी थी। इसके बावजूद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शांतिपूर्ण तरीके से अपना विरोध दर्ज कराया।
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव एवं पूर्व विधायक भूपेंद्र मरावी ने कहा कि छात्रों की आवाज़ दबाने का प्रयास लोकतांत्रिक मूल्यों पर सीधा हमला है। पूर्व मंत्री सुरेंद्र चौधरी ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार युवाओं और छात्रों की आवाज़ को पुलिस बल के सहारे दबाना चाहती है। वहीं शहर कांग्रेस अध्यक्ष महेश जाटव ने कहा कि बेरोजगारी, महंगाई और शिक्षा से जुड़े गंभीर मुद्दों से ध्यान भटकाने का प्रयास किया जा रहा है।
युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष संदीप चौधरी ने कहा कि छात्रों की गूंज अभियान का उद्देश्य देशभर के छात्रों की आवाज़ को बुलंद करना है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि छात्रों और विपक्ष की आवाज़ को दबाने का प्रयास जारी रहा तो आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग भी प्रमुखता से उठाई गई।
प्रदर्शन में कांग्रेस और एनएसयूआई के कई वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। कांग्रेस नेताओं ने राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपकर छात्रों पर हुई कार्रवाई की निष्पक्ष जांच और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा की मांग की। फिलहाल यह प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ, लेकिन कांग्रेस ने संकेत दिए हैं कि मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन आगे भी जारी रहेगा।
https://youtu.be/r1dRd5eK4hY?si=sQMauUG92ltTBP0D