

Highlights :
रीवा के एनसीसी मैदान में लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ कार्यक्रम का आयोजन।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कांग्रेस पर जमकर साधा निशाना।
मुख्यमंत्री ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस को देश की प्रगति रास नहीं आ रही।
सीएम ने धारा 370, राम मंदिर और आपातकाल के मुद्दे पर कांग्रेस की पूर्ववर्ती सरकारों को घेरा।
Mohan Yadav Attacks Congress in Rewa Rally : रीवा के एनसीसी मैदान में आयोजित लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर जमकर निशाना साधा। अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि आज भारत का मान-सम्मान पूरी दुनिया में बढ़ा है और देश विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है, लेकिन कांग्रेस और राहुल गांधी को देश की यह प्रगति रास नहीं आ रही है।
मुख्यमंत्री ने विंध्य और चित्रकूट की पवित्र धरती को नमन करते हुए भगवान श्रीराम के वनवास काल का उल्लेख किया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने अयोध्या में भगवान श्रीराम के मंदिर निर्माण के रास्ते में बाधाएं खड़ी कीं।
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने धारा 370 का जिक्र करते हुए कांग्रेस की पूर्ववर्ती सरकारों को घेरा। सीएम ने कहा कि धारा 370 के कारण जम्मू-कश्मीर में वर्षों तक आतंकवाद पनपता रहा और देश के विभिन्न हिस्सों में आतंकी घटनाएं हुईं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में धारा 370 हटाकर इस समस्या के खिलाफ निर्णायक कदम उठाया गया।
संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर उनके साथ अन्याय करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने बाबा साहब को लोकसभा चुनाव में जीतने नहीं दिया और उन्हें चुनाव में हराने वाले व्यक्ति को भारत रत्न दिया।
आपातकाल का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने लोकतंत्र की मूल भावना को कुचलने का काम किया। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी सहित लाखों लोगों को जेल में डाल दिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने अपने राजनीतिक स्वार्थ के लिए संविधान में बार-बार संशोधन किए और 90 से अधिक बार चुनी हुई सरकारों को बर्खास्त किया।
मुख्यमंत्री ने अपने पूरे संबोधन में कांग्रेस की नीतियों और राहुल गांधी की राजनीति पर सवाल उठाते हुए केंद्र सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। कार्यक्रम के समापन के बाद मुख्यमंत्री मोहन यादव के नेतृत्व में शहर में यात्रा निकाली गई, जिसमें जनप्रतिनिधियों, भाजपा पदाधिकारियों और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया।