

Highlights:
रीवा सांसद जनार्दन मिश्रा ने कहा- जितने बच्चे पैदा करने हैं कर लो।
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने मंच से सांसद जनार्दन मिश्रा की ली चुटकी।
सीएम बोले- कभी माहौल बनाना हो तो जनार्दन मिश्रा को खड़ा कर दो, AK-47 की तरह बोलते हैं।
सांसद ने नगर निगम के कार्यक्रम में रीवा की पेयजल व्यवस्था का हवाला देकर दिया था बयान।
CM Mohan Yadav AK-47 Remark on Janardan Mishra : रीवा से भाजपा सांसद जनार्दन मिश्रा एक बार फिर अपने बयान को लेकर चर्चा में हैं। शुक्रवार को एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने पानी की व्यवस्था को लेकर कहा कि जितने बच्चे पैदा करने हैं, कर लो, रीवा में पानी की कमी नहीं होगी।
सांसद के इस बयान के अगले ही दिन मुख्यमंत्री मोहन यादव ने मंच से सांसद के भाषण देने के अंदाज पर चुटकी ली। सीएम ने कहा कि जब भी माहौल बनाना हो तो जनार्दन जी को खड़ा कर दो। वे AK-47 की गोलियों की तरह धड़ाधड़ बोलते हैं। मुख्यमंत्री की इस टिप्पणी पर मंच पर मौजूद नेता और कार्यकर्ता भी मुस्कुराने लगे।
मुख्यमंत्री मोहन यादव शनिवार को रीवा में भाजपा की 'लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ' पदयात्रा से पहले आयोजित सभा को संबोधित कर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने सांसद जनार्दन मिश्रा के बोलने के अंदाज का जिक्र किया। सीएम ने कहा क्या भाषण देते हैं जनार्दन जी। कभी माहौल बनाना हो तो जनार्दन जी को खड़ा कर दो। जनार्दन जी दे ठोक-ठाक, धड़-धड़... AK-47 की गोलियों की तरह। कभी-कभी जनार्दन जी थोड़ा हिट विकेट भी हो जाते हैं। ऐसे में उन्हें बताना पड़ता है कि जनार्दन जी थोड़ा रोको, रोको, रोको। हालांकि क्रिकेट में यह सब चलता रहता है।
शुक्रवार को रीवा नगर निगम के एक कार्यक्रम में सांसद जनार्दन मिश्रा ने बढ़ती आबादी और पेयजल व्यवस्था को लेकर बयान दिया था। उन्होंने लोगों से कहा था कि गांवों से रीवा शहर आकर बसना है तो आ जाओ। जितने बच्चे पैदा करने हैं, उतने बच्चे पैदा कर लो। नगर निगम ने सभी के लिए पानी की व्यवस्था कर रखी है। पानी की कोई कमी नहीं होने वाली। पानी की चिंता करने की जरूरत नहीं है, बाकी दाना-पानी तुम जानो।
जनार्दन मिश्रा पहले भी अपने बयानों के कारण सुर्खियों में रहे हैं। कुछ दिन पहले ही मिश्रा ने किसानों के नशे में रहने की बात कह दी थी, जिसको लेकर उनका काफी विरोध भी हुआ था। हालांकि विरोध बढ़ने पर सांसद ने वीडियो जारी कर माफी भी मांग ली थी, लेकिन विपक्ष ने इस मुद्दे को भुनाया था।