‘शुद्ध पेट्रोल क्या तुम्हारे बाप के घर से आएगा’, बीजेपी सांसद के बयान पर नेहा सिंह राठौर का पलटवार

Neha Singh Rathore Reaction : रीवा से बीजेपी सांसद जनार्दन मिश्रा के ‘शुद्ध पेट्रोल क्या तुम्हारे बाप के घर से आएगा’ बयान पर नेहा सिंह राठौर ने पलटवार किया।
Neha Rathore Reaction On Janardan Mishra Ethanol Statement
जनार्दन मिश्रा के बयान पर नेहा राठौर का पलटवार(फोटो सोर्स- नवभारत)
Published on: 
Updated on: 

Janardan Mishra Ethanol Statement Dispute : पेट्रोल में एथेनॉल मिलाने को लेकर चल रही बहस के बीच रीवा से बीजेपी सांसद जनार्दन मिश्रा के बयान पर विवाद शुरू हो गया है। रीवा एयरपोर्ट पर 9 अगस्त को आयोजित हवाई सेवा के शुभारंभ कार्यक्रम में सांसद ने E20 पेट्रोल का बचाव करते हुए शुद्ध पेट्रोल की मांग करने वालों पर विवादित टिप्पणी की। उनकी टिप्पणी को लेकर लोक गायिका नेहा सिंह राठौर ने उन पर पलटवार किया है।

एथेनॉल मिश्रण का बचाव करते हुए जनार्दन मिश्रा ने कहा था कि देश में पेट्रोल के लिए बड़ी मात्रा में कच्चा तेल विदेशों से आयात किया जाता है। उन्होंने कहा कि जब सरकार पेट्रोल में 20 प्रतिशत एथेनॉल मिलाने की बात करती है तो इसका विरोध किया जाता है और शुद्ध पेट्रोल की मांग की जाती है। इसी दौरान उन्होंने कहा, “शुद्ध पेट्रोल क्या तुम्हारे बाप के घर से आएगा?”

ब्राजील का उदाहरण देकर समझाया एथेनॉल का इस्तेमाल

सांसद ने अपने संबोधन में ब्राजील का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि ब्राजील में गाड़ियां 100 प्रतिशत एथेनॉल से चल रही हैं। सांसद ने पेट्रोल में एथेनॉल मिलाने की नीति को कच्चे तेल के आयात पर निर्भरता कम करने से जोड़ते हुए इसका समर्थन किया।

बयान का वीडियो वायरल होने के बाद विवाद

जनार्दन मिश्रा के बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद मामला चर्चा में आ गया। विपक्षी नेताओं और सोशल मीडिया यूजर्स ने सांसद की भाषा पर सवाल उठाए। कांग्रेस की ओर से भी बयान को लेकर बीजेपी पर निशाना साधा गया।

नेहा सिंह राठौर ने किया पलटवार

लोक गायिका नेहा सिंह राठौर ने वीडियो जारी कर सांसद के बयान पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने जनार्दन मिश्रा के बयान का जवाब देते हुए कहा "एथेनॉल किसके बाप के घर से आ रहा है? एक सांसद की इतनी हिम्मत की वो जनता से बदजुबानी करे। एक तो चोरी, उपर से सीना जोरी."

ये भी पढ़ें : उफनती नर्मदा नदी में जान जोखिम में डालकर रेत का अवैध खनन, NGT नियमों की उड़ रहीं धज्जियां, प्रशासन मौन

E20 पेट्रोल पर पहले से जारी है बहस

पेट्रोल में 20 प्रतिशत एथेनॉल मिश्रण को लेकर देश में पहले से बहस चल रही है। सरकार जहां इसे कच्चे तेल के आयात पर निर्भरता कम करने और घरेलू एथेनॉल उत्पादन को बढ़ावा देने की नीति के तौर पर देखती है, वहीं विपक्ष और कुछ वाहन चालक इसके इस्तेमाल को लेकर सवाल उठाते रहे हैं। इसी बहस के बीच अब सांसद जनार्दन मिश्रा का बयान राजनीतिक विवाद का कारण बन गया है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com