पन्ना में सृष्टि को न्याय दिलाने की मांग तेज, MBBS छात्रा की मौत पर पवई में निकला कैंडल मार्च

Srishti Mishra Death Case : पन्ना के पवई में MBBS छात्रा सृष्टि मिश्रा की संदिग्ध मौत के मामले में न्याय की मांग को लेकर कैंडल मार्च निकाला गया। लोगों ने जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।
Panna Srishti Mishra Justice March
कैंडल मार्च (फोटो सोर्स- नवभारत)
Published on: 
Updated on: 

Panna Srishti Mishra Justice March : पन्ना जिले के पवई में मंगलवार शाम एमबीबीएस छात्रा सृष्टि मिश्रा की संदिग्ध मौत के मामले में न्याय की मांग को लेकर बड़ी संख्या में लोग सड़कों पर उतर आए। स्थानीय नागरिकों, युवाओं और सामाजिक संगठनों ने कैंडल मार्च निकालकर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। इस दौरान पूरे नगर में "सृष्टि को न्याय दो" के नारे गूंजते रहे।

उत्तर प्रदेश के प्रयागराज स्थित यूनाइटेड मेडिसिटी मेडिकल कॉलेज के हॉस्टल में एमबीबीएस अंतिम वर्ष की छात्रा सृष्टि मिश्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद पवई में लोगों में आक्रोश है। मंगलवार शाम जगदीश स्वामी मंदिर से कैंडल मार्च की शुरुआत हुई, जो नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए बस स्टैंड, अजय मेडिकल और फिर जय स्तंभ चौक पहुंचा।

हाथों में तख्तियां लेकर पहुंचे लोग

कैंडल मार्च में शामिल लोगों के हाथों में मोमबत्तियां और न्याय की मांग वाली तख्तियां थीं। प्रदर्शनकारियों ने "सृष्टि को न्याय दो" और "दोषियों पर सख्त कार्रवाई हो" जैसे संदेशों के जरिए निष्पक्ष जांच की मांग उठाई।

परिजनों ने कॉलेज के दावे पर उठाए सवाल

पवई निवासी आयुर्वेद चिकित्सक डॉ. अनुराग मिश्रा की 22 वर्षीय बेटी सृष्टि मिश्रा की मौत को लेकर परिजनों ने कॉलेज प्रशासन के उस दावे पर सवाल उठाए हैं, जिसमें छात्रा को थायराइड और मिर्गी जैसी बीमारी से पीड़ित बताया गया था। परिवार और स्थानीय लोगों का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए, जिससे मौत की असली वजह सामने आ सके।

जनप्रतिनिधियों और समाजसेवियों ने उठाई आवाज

जनपद पंचायत अध्यक्ष मोहिनी आनंद मिश्रा ने कहा कि पवई की होनहार बेटी के साथ हुई घटना की सच्चाई सामने आनी चाहिए और सरकार को न्याय सुनिश्चित करना चाहिए। वहीं समाजसेवी अंकित पाठक ने भी मामले की जल्द और निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की।

मौन रखकर दी श्रद्धांजलि

कैंडल मार्च का समापन जय स्तंभ चौक पर हुआ, जहां लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर सृष्टि मिश्रा को श्रद्धांजलि दी। नगरवासियों ने कहा कि जब तक सृष्टि को न्याय नहीं मिलेगा, तब तक उनकी आवाज जारी रहेगी।

https://youtu.be/DPqrRsjl9Eo?si=_sJlIBTQ-LQ1mK5-

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com