मदर्स डे पर इंदौर में निकाला गया कैंडल मार्च, राजा रघुवंशी जैसे केसों में पीड़ित परिवारों ने मांगा न्याय

Raja Raghuvanshi Case Protest: मदर्स डे के मौके पर इंदौर में कैंडल मार्च का आयोजन किया गया। इसमें राजा रघुवंशी का परिवार भी शामिल हुआ। साथ ही ऐसे ही अन्य मामलों के पीड़ितों ने भी न्याय की गुहार लगाई।
Indore Candle March
कैंडल मार्च (फोटो सोर्स- नवभारत)
Published on: 
Updated on: 

Indore Candle March: मदर्स डे के मौके पर रविवार को इंदौर में संस्था “पौरुष” द्वारा चर्चित राजा रघुवंशी हत्याकांड को लेकर कैंडल मार्च निकाला गया। यह मार्च नेहरू पार्क से शुरू होकर रीगल चौराहे तक पहुंचा, जिसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।

संस्था ने शिलांग कोर्ट द्वारा आरोपी सोनम रघुवंशी को दी गई जमानत का विरोध करते हुए इसे न्याय व्यवस्था के साथ अन्याय बताया। प्रदर्शनकारियों ने आरोपियों को कड़ी सजा देने और मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की।

पीड़ित परिवार भी हुआ शामिल

इस कैंडल मार्च में राजा रघुवंशी की मां उमा रघुवंशी और भाई विपिन रघुवंशी भी शामिल हुए। दोनों ने हाथों में मोमबत्तियां लेकर न्याय की मांग की। इस दौरान कई अन्य पीड़ित परिवार भी मौजूद रहे, जिन्होंने अपने-अपने मामलों में न्याय की गुहार लगाई।

“पौरुष” संस्था का आरोप

संस्था के अध्यक्ष एडवोकेट अशोक दशोरा ने आरोप लगाया कि शिलांग पुलिस की कमजोर विवेचना और गलत धाराओं के कारण मुख्य आरोपी को जमानत मिल गई। उन्होंने मेघालय सरकार से मामले में हस्तक्षेप की मांग भी की। प्रदर्शन में नितिन पडियार, जितेंद्र भारती और देवास के प्रवीण पटेल जैसे मामलों के पीड़ित परिवार भी शामिल हुए। इन परिवारों ने आरोप लगाया कि उन्हें लंबे समय से न्याय नहीं मिल पा रहा है।

मदर्स डे पर न्याय की मांग

कार्यक्रम में कहा गया कि मदर्स डे केवल सम्मान का दिन नहीं, बल्कि उन माताओं के समर्थन का दिन भी होना चाहिए, जिन्होंने अपने बच्चों को खोया है। इसी भावना के साथ सभी पीड़ित माताओं के समर्थन में यह कैंडल मार्च आयोजित किया गया। प्रदर्शनकारियों ने आरोपियों को फांसी देने और मामले में निष्पक्ष जांच की मांग दोहराई।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com