

Highlights :
पन्ना में सीएम हेल्पलाइन शिकायतों के निराकरण में लापरवाही पर कार्रवाई।
कलेक्टर हर्ष सिंह ने आठ अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किए।
नोटिस पाने वालों में तीन तहसीलदार भी शामिल।
Panna CM Helpline Complaint Action : पन्ना जिले में सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों का समय पर और संतोषजनक निराकरण नहीं करना आठ अधिकारियों को भारी पड़ गया है। विभागीय ग्रेडिंग में अपेक्षित सुधार नहीं होने पर कलेक्टर हर्ष सिंह ने तीन तहसीलदारों समेत आठ अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किए हैं। सभी को तीन दिन के अंदर अपना स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
कलेक्टर ने 25 नवंबर को संबंधित अधिकारियों को नोटिस जारी किए। दरअसल 20 नवंबर को जारी विभागीय ग्रेडिंग में शिकायतों के निराकरण और संबंधित विभागों की प्रगति में अपेक्षित सुधार नहीं पाया गया था। प्रशासन ने इसे गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों से जवाब तलब किया है।
पन्ना जिले में कारण बताओ नोटिस पाने वालों में तहसीलदार गुनौर हेमंत कुमार अवधिया, तहसीलदार अजयगढ़ सुरेंद्र अहिरवार और तहसीलदार पन्ना अखिलेश प्रजापति शामिल हैं। इसके अलावा जिला आपूर्ति अधिकारी राकेश कन्हौआ, विद्युत कंपनी के अधीक्षण अभियंता अशोक कुमार निकोसे, उप संचालक कृषि ओपी तिवारी, कार्यपालन यंत्री जल संसाधन लता वर्मा और जिला अक्षय ऊर्जा अधिकारी शत्रुघन शुक्ला को भी नोटिस जारी किया गया है।
प्रशासन ने शिकायतों के निराकरण में लापरवाही को मध्यप्रदेश सिविल सेवा अधिनियम 1965 के प्रावधानों के विपरीत और कदाचार की श्रेणी में माना है। इसी आधार पर मध्यप्रदेश सिविल सेवा नियम 1966 के तहत अनुशासनात्मक कार्रवाई का प्रस्ताव रखते हुए अधिकारियों से स्पष्टीकरण मांगा गया है। तय समय सीमा में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ आगे कार्रवाई की जा सकती है।
कलेक्टर ने सभी आठ अधिकारियों को नोटिस मिलने के तीन दिन के भीतर जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। अब अधिकारियों के स्पष्टीकरण के आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी। इस कार्रवाई को सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों के निराकरण में जवाबदेही सुनिश्चित करने की दिशा में प्रशासन का सख्त कदम माना जा रहा है।