पन्ना का बृहस्पति कुंड बन गया अखाड़ा, ग्लास ब्रिज पर पहले जाने को लेकर सैलानियों के बीच जमकर चले लात-घूंसे

Panna Brihaspati Kund : पन्ना के बृहस्पति कुंड में ग्लास ब्रिज पर पहले जाने और फोटो खिंचाने को लेकर सतना और बांदा के युवकों में मारपीट हो गई। घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस जांच में जुटी है।
Tourists Involved in a Fight at the Glass Bridge
बृहस्पति कुंड में सैलानियों के बीच मारपीटफोटो सोर्स- नवभारत
Published on
Updated on

Brihaspati Kund Fight Video : मध्यप्रदेश के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल बृहस्पति कुंड में सैलानियों के बीच मारपीट का मामला सामने आया है। ग्लास ब्रिज पर पहले जाने और फोटो खिंचाने को लेकर सतना और उत्तर प्रदेश के बांदा से आए युवकों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी बढ़ी और दोनों पक्षों के बीच लात-घूंसे और डंडे चलने लगे। घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

बताया जा रहा है कि बृहस्पति कुंड के ग्लास ब्रिज पर जाने के लिए सैलानियों की भीड़ लगी हुई थी। इसी दौरान पहले आगे जाने और फोटो खिंचाने को लेकर सतना और बांदा से आए कुछ युवकों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। शुरुआती विवाद कुछ ही देर में इतना बढ़ गया कि दोनों पक्ष एक-दूसरे से भिड़ गए।

लात-घूंसों के बाद चले डंडे

वायरल वीडियो में कई युवक आपस में मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। विवाद के दौरान लात-घूंसों के साथ डंडों का भी इस्तेमाल किया गया। बताया जा रहा है कि वीडियो करीब दो दिन पुराना है। घटना के दौरान पर्यटन स्थल पर बड़ी संख्या में अन्य सैलानी भी मौजूद थे, जिससे कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

महिलाओं और बच्चों में मची चीख-पुकार

मारपीट के दौरान मौके पर मौजूद महिलाओं और बच्चों में डर का माहौल बन गया। झगड़ा बढ़ने पर कई लोग वहां से हटते नजर आए। कुछ समय के लिए पर्यटन स्थल पर भगदड़ जैसी स्थिति भी बन गई। घटना का वीडियो किसी पर्यटक ने अपने मोबाइल फोन से रिकॉर्ड कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

बृहस्पति कुंड की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल

घटना के बाद बृहस्पति कुंड की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि पर्यटन स्थल पर बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचते हैं, खासकर भीड़ वाले दिनों में यहां पर्याप्त पुलिस या सुरक्षा बल की मौजूदगी जरूरी है। उनका आरोप है कि सुरक्षा व्यवस्था पर्याप्त नहीं होने के कारण विवाद जैसी घटनाओं का खतरा बना रहता है।

स्थायी पुलिस चौकी और गश्त बढ़ाने की मांग

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से बृहस्पति कुंड में स्थायी पुलिस चौकी स्थापित करने और नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है। उनका कहना है कि पुलिस की मौजूदगी बढ़ने से न केवल विवाद और मारपीट जैसी घटनाओं पर अंकुश लगेगा, बल्कि दूर-दराज से आने वाले पर्यटकों को भी सुरक्षा का भरोसा मिलेगा।

वायरल वीडियो से आरोपियों की पहचान में जुटी पुलिस

बृजपुर थाना प्रभारी सोनम शर्मा के मुताबिक, घटना को लेकर थाने में अभी तक कोई लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। हालांकि पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर मारपीट में शामिल लोगों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान होने के बाद मामले के तथ्यों के आधार पर नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल वायरल वीडियो के बाद मामला चर्चा में है और पुलिस जांच के बाद ही घटना की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com