कांग्रेस नेत्री व उसकी बेटी (सोर्स- सोशल मीडिया)
Madhya Pradesh News: मध्य प्रदेश के ग्वालियर में कोटा के ऑटो पार्ट्स डीलर और रामलीला में परफॉर्मर भरत भूटानी से 12 लाख रुपये के सोने के गहने लूटने के मामले में पुलिस ने शुक्रवार रात चार आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों की पहचान कांग्रेस नेता रीता आर्य, उनके पति राजेंद्र बुंदेला, बेटी निधि आर्य और दामाद विशाल आर्य के तौर पर हुई है। पुलिस ने चारों को ग्लास मिल इलाके से गिरफ्तार किया।
पुलिस के मुताबिक, राजस्थान के रहने वाले भरत भूटानी को गांधीनगर में I-82 पर अपने घर बुलाया था। रीता आर्य ने अपने पति, बेटी और दामाद के साथ मिलकर उसे फंसाने का प्लान पहले ही बना लिया था। पुलिस पूछताछ में रीता आर्य ने बताया कि इंदौर की रहने वाली उसकी दोस्त नेहा ने उसे भरत भूटानी से मिलवाया था। भरत हाल ही में रामलीला में काम करने के लिए ग्वालियर आया था।
जब भरत भूटानी रीता के घर पहुंचा तो रीता और उसकी बेटी निधि ने उसका मेहमान की तरह स्वागत किया और बाद में रीता उसे एक कमरे में ले गई। इसी बीच किचन में छिपे राजेंद्र और विशाल, चेहरा ढककर कमरे में घुस आए। उन्होंने अपने मोबाइल फोन पर रिकॉर्डिंग शुरू कर दी और भरत पर आरोप लगाते हुए उसे जेल भेजने की धमकी दी। फिर उन्होंने भरत की अंगूठी, ब्रेसलेट और गले से सोने की चेन छीन ली।
मामले की जानकारी देते हुए पड़ाव थाना इंचार्ज शैलेंद्र भार्गव ने बताया कि पुलिस ने उस गैंग को गिरफ्तार किया है जिसने कोटा के एक ऑटो पार्ट्स डीलर को हनीट्रैप में फंसाकर उससे 12 लाख रुपये की कीमत के 8 तोले सोने के गहने ठगे थे। गैंग की मास्टरमाइंड एक महिला बताई जा रही है, जो अपने पति, बेटी और दामाद के साथ इस क्राइम में शामिल थी।
भार्गव ने आगे बताया कि घटना के बाद बिजनेसमैन भरत भूटानी ने शुरू में लूट की कहानी बताई, लेकिन जांच के दौरान पास के CCTV कैमरों की फुटेज देखी गई, जिसमें राजेंद्र और विशाल चेहरा छिपाकर भागते हुए दिखे। थोड़ी देर बाद रीता और निधि भी उनके ठिकाने पर आती दिखीं।
यह भी पढ़ें: MP के दामोह में साइको किलर की हैवानियत! पहले हथौड़ा मारकर की हत्या, फिर पिया खून और सिर का मांस भी खाया
इसके बाद मध्य प्रदेश पुलिस ने लोकेशन के आधार पर चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके पास से बिजनेसमैन भारत भूटानी से चुराए गए सोने के गहने भी बरामद कर लिए हैं। पुलिस अभी मामले की जांच कर रही है और आरोपियों से पूछताछ कर रही है।