

MP Psycho Killer Case 2026: मध्य प्रदेश के दमोह जिले के देहात थाना क्षेत्र के समन्ना गांव में हुई एक दिल दहला देने वाली घटना ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया है। भाई दूज के दिन अपनी बहन के घर जा रहे भरत विश्वकर्मा की एक सनकी युवक ने हथौड़े से हमला कर हत्या कर दी। घटना की क्रूरता और उसके बाद आरोपी की कथित हरकतों ने इंसानियत को झकझोर कर रख दिया है।
जानकारी के अनुसार, समन्ना गांव निवासी भरत विश्वकर्मा भाई दूज के मौके पर अपनी बहन के घर जा रहे थे। उसी दौरान घर के बाहर बैठे गुड्डा पटेल नामक व्यक्ति ने पीछे से उन पर अचानक हथौड़े से हमला कर दिया। हमले में भरत गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही गिर पड़े और उनकी मौत हो गई। घटना इतनी अचानक और हिंसक थी कि आसपास मौजूद लोग दहशत में आ गए।
स्थानीय चश्मदीदों का दावा है कि हत्या के बाद आरोपी वहीं बैठा रहा और उसने मृतक के शरीर के साथ बेहद वीभत्स हरकतें कीं। लोगों ने यह दृश्य देखकर शोर मचाया और आरोपी पर पत्थर फेंकने लगे। इसके बाद वह वहां से भागकर खेतों की ओर चला गया।
घटना की खबर फैलते ही गांव के दर्जनों लोग मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने आरोपी का पीछा किया और खेतों में घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। बाद में उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी गुड्डा पटेल पहले भी अपनी पत्नी की हत्या के मामले में जेल जा चुका है। मौजूदा घटना में उसकी क्रूरता और व्यवहार को देखते हुए पुलिस उसकी मानसिक स्थिति और अपराध के पीछे के कारणों की जांच कर रही है।
दमोह के सीएसपी एच. आर. ने बताया कि आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है। उसके आपराधिक रिकॉर्ड की जांच की जा रही है और मामले में सख्त धाराओं के तहत केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
चश्मदीद भगवानदास पटेल ने बताया कि जब वे मौके पर पहुंचे तो आरोपी मृतक के शरीर के पास मौजूद था। लोगों ने शोर मचाकर उसे भगाने की कोशिश की, जिसके बाद वह खेतों की ओर भाग गया। मृतक के भाई विजय विश्वकर्मा ने बताया कि उनका परिवार गहरे सदमे में है। उन्होंने कहा कि भरत भाई दूज के मौके पर अपनी बहन के घर जा रहे थे और उनकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी।