मुरैना के पगारा डैम में नहाते समय डूबा युवक, दूसरे दिन भी SDERF का रेस्क्यू जारी, तलाश में नहीं मिली सफलता

Morena Drowning News : मुरैना के जौरा स्थित पगारा डैम में नहाते समय 42 वर्षीय सूरज कुशवाह डूब गया। दूसरे दिन भी SDRF ने रेस्क्यू अभियान चलाया, लेकिन युवक का शव नहीं मिल सका।
SDRF Team Conducts a Rescue Operation at Pagara Dam
डैम में सर्च करती SDERF की टीमफोटो सोर्स- नवभारत
Published on
Updated on

Pagara Dam Drowning : मुरैना के जौरा स्थित पगारा डैम पर रविवार को पिकनिक मनाने पहुंचे 42 वर्षीय युवक के डूबने के बाद सोमवार को दूसरे दिन भी SDRF ने रेस्क्यू अभियान चलाया। युवक अपने तीन रिश्तेदारों के साथ डैम घूमने पहुंचा था। नहाने के दौरान वह अचानक गहरे पानी में चला गया और डूब गया। देर तक सर्चिंग के बावजूद सोमवार को भी उसका कोई सुराग नहीं मिल सका। पुलिस और SDRF की टीम युवक की तलाश में जुटी हुई है।

जानकारी के मुताबिक मुरैना गांव निवासी और वर्तमान में जौरा में रहने वाले 42 वर्षीय सूरज कुशवाह रविवार दोपहर करीब एक बजे अपने तीन रिश्तेदारों के साथ पगारा डैम पहुंचे थे। सभी लोग यहां घूमने और पिकनिक मनाने आए थे। इसी दौरान सूरज डैम के पानी में नहाने के लिए उतर गया।

गहरे पानी में जाने से हुआ हादसा

नहाते समय सूरज अचानक गहरे पानी की ओर चला गया और देखते ही देखते डूब गया। उसके साथ मौजूद रिश्तेदारों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद उन्होंने तत्काल पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही जौरा पुलिस मौके पर पहुंची और युवक की तलाश शुरू कराई।

स्थानीय गोताखोरों के बाद SDRF ने संभाला मोर्चा

पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से डैम में सर्चिंग शुरू कराई। कुछ समय बाद SDRF की टीम भी मौके पर पहुंच गई। टीम ने वोट के जरिए डैम के पानी में अलग-अलग स्थानों पर सर्चिंग अभियान चलाया। देर शाम तक टीम ने युवक को तलाशने का प्रयास किया, लेकिन कोई सुराग नहीं मिल सका।

अंधेरा होने पर रोकना पड़ा रेस्क्यू

काफी देर तक सर्चिंग के बावजूद सूरज कुशवाह का पता नहीं चलने और अंधेरा बढ़ने के कारण रविवार शाम रेस्क्यू अभियान रोक दिया गया। इसके बाद सोमवार सुबह SDRF की टीम ने एक बार फिर अभियान शुरू किया। टीम डैम के पानी में संभावित स्थानों पर सर्चिंग कर रही है, लेकिन खबर लिखे जाने तक युवक का शव बरामद नहीं हो सका था।

पगारा डैम पर पहले भी हो चुके हैं हादसे

पगारा डैम पर लोग अक्सर पिकनिक और घूमने के लिए पहुंचते हैं। हालांकि, डैम में नहाने के दौरान पहले भी हादसे हो चुके हैं। इससे पहले ग्वालियर के एक व्यापारी की भी डूबने से मौत हो चुकी है। हादसे के बाद प्रशासन ने डैम के आसपास नहाने को लेकर सख्ती की थी, लेकिन इसके बावजूद लोग पानी में उतरते नजर आते हैं।

SDRF Team Conducts a Rescue Operation at Pagara Dam
पन्ना का बृहस्पति कुंड बन गया अखाड़ा, ग्लास ब्रिज पर पहले जाने को लेकर सैलानियों के बीच जमकर चले लात-घूंसे

सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था पर सवाल

लगातार हो रहे हादसों के बाद पगारा डैम की सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि डैम पर चेतावनी बोर्ड, सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी को और मजबूत किए जाने की जरूरत है, ताकि पर्यटकों और पिकनिक मनाने आने वाले लोगों को गहरे पानी में जाने से रोका जा सके। फिलहाल SDRF की टीम लापता युवक की तलाश में जुटी हुई है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com