मुरैना में रिश्वत मांगते एएसआई का वीडियो वायरल, पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीना ने तत्काल किया निलंबित
Morena Police News : मुरैना के सबलगढ़ थाने के एएसआई का कथित रिश्वत मांगने का वीडियो वायरल होने के बाद एसपी ने तत्काल निलंबित कर जांच के आदेश दिए। वीडियो में 10 से 50 हजार रुपये की मांग का आरोप है।
- Reported By: योगेश पाराशर | Edited By: प्रीतेश जैन
रिश्वत मांगता ASI (फोटो सोर्स- नवभारत)
Morena ASI Bribe Video Viral: मुरैना जिले के सबलगढ़ थाने में पदस्थ एक एएसआई का कथित रिश्वत मांगने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। वायरल वीडियो में एएसआई आरोपियों को थाने से जमानत दिलाने के नाम पर 10 हजार से 50 हजार रुपये तक की रिश्वत मांगता सुनाई दे रहा है। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीना ने तत्काल कार्रवाई करते हुए एएसआई को निलंबित कर दिया है और पूरे मामले की जांच के आदेश दिए हैं।
जानकारी के अनुसार, वायरल वीडियो सबलगढ़ थाने में पदस्थ एएसआई रामबाबू निबोरिया का बताया जा रहा है। वीडियो में वह एक परिवार से बातचीत करते हुए कथित तौर पर कहता सुनाई देता है कि यदि जेल जाने से बचना है और थाने से ही जमानत करानी है, तो इसके लिए पैसे देने होंगे। बातचीत के दौरान वह 10 हजार रुपये से लेकर 50 हजार रुपये तक की राशि की मांग करता हुआ दिखाई देता है।
जमानत के लिए मांगी रिश्वत
बताया जा रहा है कि यह मामला सबलगढ़ थाना क्षेत्र के बकासुर गांव में 1 जुलाई को हुए विवाद से जुड़ा है। विवाद के बाद आरोपी पक्ष जमानत की प्रक्रिया के लिए थाने पहुंचा था। आरोप है कि इसी दौरान एएसआई ने उन्हें जेल भेजने की धमकी देकर रिश्वत की मांग की। वायरल वीडियो में थाना प्रभारी के नाम का भी कथित तौर पर जिक्र सुनाई देता है। हालांकि, इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।
सम्बंधित ख़बरें
ग्वालियर में लव जिहाद का मामला: पहचान छिपाकर शादी का आरोप, धर्म परिवर्तन और प्रताड़ना का केस दर्ज
इंदौर में युवती की संदिग्ध मौत मामले में नया मोड़, मां और भाई गिरफ्तार
मध्य प्रदेश में 213 सरकारी शिक्षकों का अटैचमेंट खत्म, विधानसभा के मानसून सत्र से पहले स्कूल लौटने के निर्देश
अलीराजपुर में मंत्री संपत्तिया उइके के बदले सुर, पहले ‘शराब कारोबारी’ कहा, अब बोलीं- नागर सिंह मेरे भाई हैं
ये भी पढ़ें : ग्वालियर में लव जिहाद का मामला: पहचान छिपाकर शादी का आरोप, धर्म परिवर्तन और प्रताड़ना का केस दर्ज
SP ने किया सस्पेंड
वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस अधीक्षक धर्मराज मीना ने तत्काल संज्ञान लिया। प्रारंभिक जांच में एएसआई के खिलाफ रिश्वत मांगने के आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए जाने पर उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। साथ ही मामले की विस्तृत जांच अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक को सौंपी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की विभागीय और वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। यदि जांच में रिश्वत मांगने के आरोप प्रमाणित होते हैं तो संबंधित अधिकारी के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पूरे मामले की जांच जारी है।
