

मुरैना के रिठौरा-मालनपुर बाइपास पर डीजल टैंकर और आलू से भरे ट्रक में भीषण टक्कर।
टैंकर से डीजल रिसाव के बाद लगी आग, देखते ही देखते बना आग का गोला।
आग की चपेट में आया पीछे से टकराया ट्रक, ड्राइवर-हेल्परों ने कूदकर बचाई जान।
दमकलकर्मियों ने डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पाया काबू।
Morena Severe Road Accident Involving Diesel Tanker: मुरैना के रिठौरा-मालनपुर बाइपास पर सोमवार रात डीजल से भरे टैंकर और आलू से भरे ट्रक के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि टैंकर का पिछला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया और डीजल का रिसाव शुरू हो गया। इसी दौरान उठी चिंगारी से टैंकर में आग लग गई। देखते ही देखते टैंकर आग के गोले में तब्दील हो गया।
आग की चपेट में पीछे से टकराया ट्रक भी आ गया। गनीमत रही कि दोनों वाहनों के ड्राइवर और हेल्परों ने समय रहते कूदकर अपनी जान बचा ली। हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
जानकारी के अनुसार घटना सोमवार रात करीब 9 बजकर 40 मिनट की है। डीजल से भरा टैंकर मुरैना जिले की ओर से रिठौरा-मालनपुर होते हुए ग्वालियर जा रहा था। जैसे ही टैंकर रिठौरा-मालनपुर बाइपास से गुजर रहा था, तभी पीछे से तेज रफ्तार में आ रहा आलू से भरा ट्रक उसमें जा घुसा। बताया जा रहा है कि ट्रक चालक को आगे चल रहा टैंकर दिखाई नहीं दिया, जिसके चलते यह हादसा हो गया।
टक्कर के कारण टैंकर का पिछला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया और डीजल लीक होने लगा। इसी दौरान उठी चिंगारी से डीजल में आग लग गई। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया। टैंकर में डीजल रखने के लिए बने चार कंपाउंड में से तीन कंपाउंड का डीजल आग की चपेट में आ गया। सड़क पर डीजल फैलने के कारण आग तेजी से फैलने लगी और पीछे मौजूद ट्रक भी जलने लगा।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आग की भयावहता को देखते हुए बानमोर और मानपुर से फायर ब्रिगेड की गाड़ियां बुलाई गईं। दमकलकर्मियों ने करीब डेढ़ घंटे तक मशक्कत करने के बाद आग पर काबू पाया। हादसे के चलते बाइपास पर देर रात तक जाम की स्थिति बनी रही। घटना की सूचना मिलते ही एसपी धर्मराज मीना भी मौके पर पहुंचे। भीषण आग के बावजूद ड्राइवर, हेल्पर और राहगीरों के सुरक्षित रहने से राहत रही।