

Highlights:
मुरैना के निजी नर्सिंग होम में डिलीवरी के बाद 30 वर्षीय प्रसूता की मौत।
बेटे को जन्म देने के बाद महिला की तबीयत बिगड़ी, ग्वालियर ले जाते समय नूराबाद के पास तोड़ा दम।
परिजनों ने डॉक्टर पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाकर गिरफ्तारी की मांग की।
Pregnant Woman Death In Morena : मुरैना शहर के एक निजी नर्सिंग होम में डिलीवरी के बाद प्रसूता की तबीयत बिगड़ने और ग्वालियर ले जाते समय रास्ते में मौत होने का मामला सामने आया है। महिला की मौत से नाराज परिजनों ने शुक्रवार को स्टेशन रोड थाने में शव रखकर हंगामा किया। उन्होंने नर्सिंग होम के डॉक्टर पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए गिरफ्तारी की मांग की।
परिजनों ने पुराने कलेक्ट्रेट के सामने एमएस रोड पर सड़क पर लेटकर जाम लगाने की कोशिश भी की। पुलिस अधिकारियों की समझाइश और कार्रवाई के आश्वासन के बाद परिजन शांत हुए। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मर्ग कायम कर लिया है।
दरअसल, नंदेपुरा रोड स्थित कृष्णा बिहार कॉलोनी निवासी बलवीर सिंह राठौर ने शुक्रवार सुबह करीब 6 बजे अपनी 30 वर्षीय पत्नी कृष्णा राठौर को प्रसव पीड़ा होने पर ओवरब्रिज के पास स्थित श्रीहरि मल्टीस्पेशियलिटी हॉस्पिटल में भर्ती कराया था। बलवीर के मुताबिक, डॉक्टर ने जांच के बाद कृष्णा की हालत सामान्य बताते हुए नॉर्मल डिलीवरी होने की बात कही थी। हालांकि, सुबह करीब साढ़े सात बजे अस्पताल प्रबंधन ने ऑपरेशन से बेटे के जन्म की जानकारी दी। साथ ही बताया कि बच्चे के मुंह में गंदा पानी चला गया है, इसलिए उसे मशीन में रखने के लिए सरकारी अस्पताल ले जाना होगा।
बलवीर सिंह के अनुसार, वह नवजात बेटे को लेकर सरकारी अस्पताल पहुंच गया था। इस दौरान फोन पर पत्नी से बात हुई तो उसने खुद को ठीक बताया। इसी बीच शाम को नर्सिंग होम से फोन आया कि कृष्णा की तबीयत बिगड़ गई है। वह तुरंत अस्पताल पहुंचा, जहां पत्नी को इंजेक्शन लगाया गया था। इंजेक्शन के बारे में पूछने पर बताया गया कि ब्लड प्रेशर बढ़ने के कारण दवा दी गई है। हालत में सुधार नहीं होने पर डॉक्टर ने कृष्णा को ग्वालियर रेफर कर दिया।
परिजन कृष्णा को एंबुलेंस से ग्वालियर लेकर जा रहे थे, लेकिन नूराबाद के पास पहुंचते ही उसकी मौत हो गई। प्रसूता की मौत की खबर मिलने पर परिवार और रिश्तेदार जमा हो गए। इसके बाद वे शव को एंबुलेंस में लेकर सीधे स्टेशन रोड थाने पहुंचे। यहां परिजनों ने नर्सिंग होम के डॉक्टर पर इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया और उसकी गिरफ्तारी की मांग करते हुए हंगामा किया।
मुरैना में हंगामा ने बलवीर सिंह की शिकायत पर मर्ग कायम कर जांच के बाद आगे की कार्रवाई करने की बात कही। इससे नाराज परिजन एंबुलेंस लेकर पुरानी कलेक्ट्रेट के सामने एमएस रोड पर पहुंच गए और सड़क पर लेटकर जाम लगाने का प्रयास किया। सूचना मिलने पर टीआई दर्शन शुक्ला, सीएसपी कविंद्र सिंह चौहान और यातायात प्रभारी संतोष भदौरिया मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने करीब 15 से 20 मिनट तक परिजनों को समझाया और उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद परिजन सड़क से हट गए।
मुरैना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। फिलहाल मामले में मर्ग कायम कर जांच की जा रही है। परिजनों ने डॉक्टर के खिलाफ इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए गिरफ्तारी की मांग की है। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।