मुरैना में अज्ञात वाहन ने बाइक सवार को कुचला, मौत के बाद परिजनों का हंगामा, हाईवे पर लगाया जाम

Morena Traffic Jam: मुरैना में नेशनल हाईवे-44 पर छौंदा पुल के पास अज्ञात वाहन ने बाइक सवार ऐदल सिंह कुशवाह को कुचल दिया। युवक की मौत के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने शव रखकर चक्काजाम किया।
Family members and villagers protest after a fatal bike accident
हादसे के बाद परिजनों ने लगाया जामफोटो सोर्स- नवभारत
Published on: 
Updated on: 

Highlights:

  • मुरैना के छौंदा पुल के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से 28 वर्षीय ऐदल सिंह कुशवाह की मौत।

  • आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने शव रखकर आधे घंटे से ज्यादा समय तक हाईवे पर चक्काजाम किया।

  • पुलिस के आश्वासन के बाद जाम खुला, सीसीटीवी फुटेज से वाहन की पहचान करने में जुटी पुलिस।

Morena Road Accident : मुरैना में नेशनल हाईवे-44 पर गुरुवार दोपहर दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के छौंदा पुल के पास तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार युवक को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद वाहन युवक को कुचलते हुए मौके से फरार हो गया। हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने हाईवे पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया, जिससे सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई।

मृतक की पहचान नूराबाद थाना क्षेत्र के लोहगढ़ गांव निवासी 28 वर्षीय ऐदल सिंह कुशवाह, पुत्र नवल सिंह के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, ऐदल सिंह गुरुवार सुबह मुरैना में सामान खरीदने और एक फॉर्म के लिए फोटो खिंचवाने आया था। दोपहर करीब दो बजे वह बाइक से अपने गांव लौट रहा था। इसी दौरान छौंदा पुल के पास पीछे से आए तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी।

टक्कर के बाद युवक को कुचलकर भागा चालक

हादसा इतना गंभीर था कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजन और ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। युवक की मौत से गुस्साए लोगों ने हाईवे पर शव रखकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।

आधे घंटे से ज्यादा समय तक लगा रहा जाम

मुरैना में हादसे के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने नेशनल हाईवे-44 पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया। आधे घंटे से ज्यादा समय तक जाम और हंगामे की स्थिति बनी रही। इस दौरान हाईवे पर यातायात बाधित हो गया और वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। पुलिसकर्मियों ने शव को पोस्टमार्टम के लिए ले जाने का प्रयास किया, लेकिन आक्रोशित भीड़ ने विरोध करते हुए उन्हें रोक दिया।

सीसीटीवी से वाहन की पहचान करने का आश्वासन

स्थिति को संभालने के लिए पुलिस ने ग्रामीणों को हादसे में शामिल वाहन की पहचान कर कार्रवाई करने का भरोसा दिया। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों की मदद से वाहन का पता लगाने का आश्वासन दिया, जिसके बाद ग्रामीण सड़क से हटे और जाम खुल सका।

Family members and villagers protest after a fatal bike accident
मुरैना : नेशनल हाईवे-44 पर भीषण सड़क हादसा, दो ट्रकों के बीच दबकर चकनाचूर हुआ ई-रिक्शा, दो की मौत

अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज

फिलहाल, सिविल लाइन थाना पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर हादसे में शामिल वाहन की पहचान करने में जुटी है।

Navbharat Live
navbharatlive.com