मुरैना: नहर में पुलिया के नीचे स्कार्पियो में मिला युवक का शव, गला घोंटकर हत्या की आशंका, जांच में जुटी पुलिस

Morena Murder News : मुरैना के बागचीनी थाना क्षेत्र में नहर की पुलिया के नीचे स्कार्पियो में युवक का शव मिला। चेहरे और गले पर चोट के निशान हैं। पुलिस गला घोंटकर हत्या की आशंका से जांच कर रही है।
Dead body of a youth found inside a Scorpio
स्कॉर्पियो में मिली युवक की लाशफोटो सोर्स- नवभारत
Published on: 
Updated on: 

Morena Scorpio Murder Case : मुरैना के बागचीनी थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह हड़बांसी नहर की पुलिया के नीचे स्कार्पियो में एक युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान सांटा निवासी 30 वर्षीय धारा पचौरी उर्फ सतेंद्र उर्फ सत्यदेव पुत्र रामनिवास पचौरी के रूप में हुई है। शव स्कार्पियो की ड्राइवर सीट पर मिला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और एफएसएल टीम को बुलाकर घटनास्थल की जांच कराई।

पुलिस और एफएसएल टीम ने शव का बारीकी से मुआयना किया। शुरुआती जांच में मृतक के चेहरे, माथे और गले पर चोट व खरोंच के निशान मिले हैं। नाक से खून निकलने की बात भी सामने आई है। इसके अलावा कमर के पास जलने के निशान पाए गए हैं। घटनास्थल से एक-दो गमछे भी मिले हैं, जिन्हें पुलिस ने जांच के लिए सुरक्षित किया है।

हादसा दिखाने की कोशिश का शक

मुरैना पुलिस को शुरुआती जांच में आशंका है कि धारा पचौरी के साथ पहले मारपीट की गई और इसके बाद गला घोंटकर उसकी हत्या की गई। पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है कि हत्या के बाद शव को किसी दूसरी जगह से लाकर नहर की पुलिया के नीचे खड़ी स्कार्पियो की ड्राइवर सीट पर बैठाया गया। आशंका है कि वारदात को सड़क हादसे का रूप देने की कोशिश की गई हो, ताकि लगे कि स्कार्पियो नहर में गिरने से युवक की मौत हुई है।

तीन डॉक्टरों के पैनल ने किया पोस्टमार्टम

मृतक के शव का जिला अस्पताल में तीन डॉक्टरों के पैनल से पोस्टमार्टम कराया गया है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल जांच के नतीजों का इंतजार कर रही है। इन रिपोर्टों के आधार पर मौत की वास्तविक वजह और हत्या के तरीके को लेकर स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है। फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और संभावित आरोपियों तक पहुंचने के लिए सुराग जुटाए जा रहे हैं।

परिवार में सबसे छोटा था धारा

धारा पचौरी अपने पिता रामनिवास पचौरी का तीसरा और सबसे छोटा बेटा था। उसका बड़ा भाई अजय पैरों से लाचार है और सांटा में ही घर पर रहता है। मझला भाई टिंकू पैतृक चार से पांच बीघा जमीन पर खेती कर परिवार का पालन-पोषण करता है। घटना के बाद परिवार में मातम का माहौल है।

पुराने विवाद और दुश्मनी की भी जांच

मुरैना में हत्या के मामले की शुरुआती पड़ताल में धारा पचौरी के इलाके में दबदबे की बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि वह लोगों पर दबाव बनाकर अपने मनमाफिक काम कराने के लिए जाना जाता था। इसी वजह से कुछ लोगों से उसके विवाद और दुश्मनी होने की जानकारी भी पुलिस को मिली है। पुलिस अब उसके पुराने विवादों, संपर्क में रहे लोगों और घटना से पहले की गतिविधियों की जानकारी जुटा रही है।

Dead body of a youth found inside a Scorpio
इंदौर में सफाई कर्मचारियों की हड़ताल तीसरे दिन भी जारी, कार्यक्रम स्थल के बाहर नारेबाजी और धरना

हत्याकांड के खुलासे में जुटी पुलिस

बागचीनी पुलिस हत्या के संभावित कारण और आरोपियों की पहचान के लिए अलग-अलग बिंदुओं पर जांच कर रही है। पुलिस को उम्मीद है कि पोस्टमार्टम, एफएसएल जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर गुरुवार या शुक्रवार तक मामले का खुलासा किया जा सकता है। एसडीओपी जौरा नितिन बघेल ने बताया कि बागचीनी थाना क्षेत्र में नहर की पुलिया के नीचे स्कार्पियो में युवक का शव मिला है। पुलिस ने मौके पर पंचनामा बनाकर जांच शुरू कर दी है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com