

मुरैना के पहाड़गढ़ के जंगल में दूसरे तेंदुए की मौत।
25 दिन के अंदर दूसरे तेंदुए का शव मिलने से वन विभाग में हड़कंप।
सड़क किनारे लहूलुहान हालत में मिला 2 से ढाई साल की मादा तेंदुए का शव।
सिर में गंभीर चोट, अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत की आशंका।
Female Leopard Found Dead in Morena: मुरैना जिले के पहाड़गढ़ के जंगलों में तेंदुओं की मौत का सिलसिला थम नहीं रहा है। 25 दिन के अंदर ही दूसरे तेंदुए की मौत का मामला सामने आने के बाद कई तरह के सवाल खड़े हो गए हैं।
बता दें कि, इस बाद एक मादा तेंदुआ आधी रात को सड़क पर लहूलुहान हालत में मृत पाई गई। वन विभाग का मानना है कि किसी वाहन की टक्कर लगने से मादा तेंदुआ की मौत हुई है।
बताया जा रहा है कि यह मामला शुक्रवार और शनिवार की दरमियानी रात का है। जब डिप्टी रेंजर रवि तोमर वनकर्मियों के साथ गश्त पर निकले थे, उसी समय रात करीब एक बजे वन विभाग की टीम मरा गांव से पहाड़गढ़ की तरफ जा रही थी। इसी समय सड़क के किनारे एक तेंदुए का शव दिखाई पड़ता है। खूंखार वन्यजीव होने की वजह से पहले तो कोई भी तेंदुए के पास नहीं गया लेकिन जब काफी देर तक उसके शरीर में हलचल नहीं दिखी तब वनकर्मियों उसके पास पहुंचे और उन्होंने मादा तेंदुए को मृत पाया।
जब शनिवार को डॉक्टरों की टीम ने मृत तेंदुए का पोस्टमार्टम किया, तब पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आया कि तेंदुए के सिर में गंभीर चोट आई थी। डीएफओ हरीश बघेल के अनुसार मृत मादा तेंदुआ की उम्र करीब 2 से ढाई साल बताई थी। प्रारंभिक तौर पर किसी वाहन की टक्कर से मौत होने की आशंका जताई जा रही है, वहीं मृत तेंदुआ का वन विभाग ने अंतिम संस्कार कर दिया है।
गौरतलब है कि, मुरैना जिले के पहाड़गढ़ के जंगल में तेंदुए की मौत का यह पहला मामला नहीं है, इससे पहले 20 अक्टूबर को पंचमपुरा इलाके में करीब 12 साल की मादा तेंदुआ मृत मिली थी। उसका शव झाड़ियां में पड़ा हुआ था।