

इंदौर के भंवरकुआं स्थित विशालाक्षी गर्ल्स हॉस्टल की चौथी मंजिल पर लगी आग।
हादसे के समय हॉस्टल में करीब 50 छात्राएं मौजूद थीं।
हॉस्टल प्रबंधन ने सभी छात्राओं को पीछे के रास्ते से सुरक्षित निकाला।
चौथी मंजिल पर लगे साइन बोर्ड में सबसे पहले आग लगी।
Fire Breaks Out At Girls Hostel In Indore: मध्य प्रदेश के इंदौर में शनिवार शाम एक गर्ल्स हॉस्टल की इमारत में देखते ही देखते आग भड़क उठी, जिसके बाद हड़कंप मच गया। दरअसल, भंवरकुआं चौराहे पर विशालाक्षी गर्ल्स हॉस्टल की चौथी मंजिल पर अचानक आग भड़क उठी। घटना के समय हॉस्टल में 50 छात्राएं मौजूद थीं।
आग लगते ही हॉस्टल प्रबंधन और आसपास के लोगों ने मौजूद छात्राओं को पीछे के रास्ते से सुरक्षित बाहर निकाल। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और मोर्चा संभाला। कड़ी मेहनत और घंटों के प्रयास के बाद पर पूरी तरह से काबू पाया गया। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में जनहानी नहीं हुई।
बताया जा रहा है कि हॉस्टल के चौथे फ्लोर पर लगे साइन बोर्ड में पहले आग लगी जिसके बाद वॉशिंग मशीन ने आग पकड़ ली और देखते ही देखते हॉस्टल में टंगे कपड़ों और अन्य सामान भी आग की चपेट में आ गए। साइन बोर्ड के आसपास प्लास्टिक का सामान होने की वजह से आग तेजी से फैलने की आशंका थी। हालांकि, समय रहते ही आग पर काबू पाने की कोशिश शुरू कर दी गई और लपटें कमरे के अंदर तक नहीं पहुंच सकीं।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार इंदौर शहर के विशालाक्षी गर्ल्स हॉस्टल में करीब 100 छात्राएं रहती हैं। जिसमें से घटना के वक्त लगभग 50 छात्राएं हॉस्टल में मौजूद थीं। आग लगने की खबर मिलते ही सभी छात्राओं को पीछे के रास्ते से नीचे उतारा गया और उन्हें सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया गया। इस दौरान हॉस्टल में अफरा-तफरी का माहौल बन गया था, लेकिन सभी छात्राओं को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
आग की सूचना मिलने के बाद फायर ब्रिगेड की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और आग को बुझाने का काम किया। शुरुआत में प्रेशर के साथ पानी डालकर आग को कंट्रोल करने की कोशिश की गई। आग चौथी मंजिल पर होने की वजह से दमकल की टीम को काफी मुश्किल का सामना करनी पड़ी। इसके बाद ऊपर से होज पाइप डालकर दमकलकर्मी अंदर पहुंचे और आग बुझाने में जुट गए।