

मुरैना के पहाड़गढ़ में तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार प्रधानाध्यापक को कुचला।
हादसे में 45 वर्षीय बृजेश नरवरे की मौके पर ही मौत।
प्रधानाध्यापक स्कूल में बच्चों को पढ़ाने के लिए जा रहे थे।
हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर मौके से फरार।
School Principal Killed In Morena Truck Accident: मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में शनिवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। पहाड़गढ़ क्षेत्र में स्कूल जा रहे शासकीय प्राथमिक विद्यालय के प्रधानाध्यापक को तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक समेत कुचल दिया। हादसा इतना भीषण था कि प्रधानाध्यापक की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद ट्रक चालक रुकने के बजाय वाहन लेकर फरार हो गया, लेकिन कुछ किलोमीटर आगे उसका ट्रक दूसरे ट्रक से टकराकर सड़क किनारे खंती में पलट गया। हादसे की खबर से शिक्षा विभाग में शोक की लहर दौड़ गई है।
जानकारी के अनुसार, शासकीय प्राथमिक विद्यालय कुसुमानी के प्रधानाध्यापक 45 वर्षीय बृजेश नरवरे शनिवार सुबह मुरैना से बाइक पर सवार होकर स्कूल के लिए निकले थे। सुबह करीब 9:30 बजे कंहार और बुधेरा गांव के बीच शिवपुरी जिले की तरफ से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक ने उन्हें बाइक समेत कुचल दिया। गंभीर चोटों के कारण बृजेश नरवरे ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
प्रधानाध्यापक को टक्कर मारने के बाद ट्रक चालक ने मौके पर रुकने के बजाय वाहन की रफ्तार और बढ़ा दी और वहां से फरार हो गया। हालांकि, कुछ ही दूरी पर उसके साथ एक और हादसा हो गया। बताया जा रहा है कि करीब 4 से 5 किलोमीटर आगे पहाड़गढ़ की ओर जा रहे दूसरे ट्रक से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई। दोनों वाहनों के बीच टक्कर इतनी तेज थी कि पहला ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खंती में पलट गया।
घटना की सूचना मिलते ही मुरैना पुलिस मौके पर पहुंच गई और हादसे की जानकारी जुटाई। राहत की बात यह रही कि दूसरे ट्रक से हुई भिड़ंत के बाद दोनों ट्रक चालकों को किसी तरह की चोट नहीं आई। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेकर दुर्घटना से जुड़े तथ्यों की जांच शुरू कर दी है। वहीं, प्रधानाध्यापक की मौत के बाद उनके शव को लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया की जा रही है।
बृजेश नरवरे की अचानक हुई मौत से उनके परिवार और परिचितों में मातम पसरा हुआ है। वह रोजाना की तरह अपने स्कूल में बच्चों को पढ़ाने के लिए घर से निकले थे, लेकिन रास्ते में ही हादसे का शिकार हो गए। उनकी असमय मौत की खबर मिलते ही शिक्षा विभाग में शोक का माहौल है। एक शिक्षक की इस तरह सड़क हादसे में जान जाने से क्षेत्र में भी दुख और आक्रोश का माहौल देखने को मिल रहा है।