मुरैना में बेटे पर बंदूक तानकर 15 लाख की डकैती, पुलिस को पीड़ितों के दावे और बदलते बयानों पर संदेह
Morena Crime News : मुरैना के कोरीपुरा-बर्रेड गांव में बेटे पर बंदूक तानकर 15 लाख रुपये की कथित डकैती का मामला सामने आया है। हालांकि पुलिस घटना को संदिग्ध मानते हुए हर पहलू से जांच कर रही है।
- Reported By: योगेश पाराशर | Edited By: प्रीतेश जैन
अस्पताल में भर्ती पीड़ित महिला (फोटो सोर्स- नवभारत)
Morena Robbery Case: मुरैना जिले के चिन्नौनी थाना क्षेत्र के कोरीपुरा-बर्रेड गांव में आधी रात कथित डकैती की एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि दो हथियारबंद नकाबपोश बदमाश घर में घुसकर आठ वर्षीय बच्चे पर बंदूक तानकर करीब 15 लाख रुपये की नगदी और जेवरात लूट ले गए। हालांकि पुलिस फिलहाल इस पूरे घटनाक्रम को संदिग्ध मान रही है और हर पहलू से जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार घटना शनिवार और रविवार की दरमियानी रात करीब एक बजे की है। गांव निवासी दिलीप रजक की पत्नी मनीषा अपने दो बच्चों के साथ घर के अंदर सो रही थी, जबकि उसका पति ड्यूटी पर गया हुआ था। मनीषा का आरोप है कि देर रात दो नकाबपोश बदमाश घर में घुस आए। एक बदमाश ने उसका मुंह दबा दिया, जबकि दूसरे ने उसके आठ वर्षीय बेटे विवेक पर बंदूक तान दी और जान से मारने की धमकी देकर घर में रखी नकदी और जेवर मांगने लगे।
10 लाख रुपये और जेवरात सौंपे
महिला के अनुसार बेटे की जान बचाने के लिए उसने करीब 10 लाख रुपये नकद और लगभग 5 लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के आभूषण बदमाशों को सौंप दिए। आरोप है कि बदमाशों ने अलमारी और बक्सों की भी तलाशी ली और डकैती की वारदात के बाद फरार हो गए। सुबह परिजन घर पहुंचे तो महिला बेसुध अवस्था में मिली और घर का सामान बिखरा पड़ा था। एक बक्सा घर की छत पर भी मिला। परिवार का दावा है कि नकदी खेत खरीदने के लिए रखी गई थी और यह रकम महिला के जेठ, जो सीआरपीएफ में पदस्थ हैं, के लिए रखी गई थी।
सम्बंधित ख़बरें
ग्वालियर एयरफोर्स स्टेशन में खुदकुशी: आर्मी जवान ने सर्विस राइफल से किया सुसाइड, एक के बाद एक चलीं 6 गोलियां
खंडवा में जंगल बचाने सड़क पर उतरा कोरकू समाज, वन विभाग की कार्रवाई के समर्थन में हजारों लोगों ने सौंपा ज्ञापन
दतिया उपचुनाव: जीतू पटवारी बोले- नामांकन के साथ प्रदेश की राजनीति में बदलाव की होगी शुरुआत, 500% मिलेगी जीत
खंडवा में कांग्रेस प्रभारी हरीश चौधरी का भाजपा पर हमला, बोले- ‘नरेंद्र मोदी अब झुकेंद्र मोदी हो गए हैं’
ये भी पढ़ें : दतिया उपचुनाव: जीतू पटवारी बोले- नामांकन के साथ प्रदेश की राजनीति में बदलाव की होगी शुरुआत, 500% मिलेगी जीत
पुलिस को दावे पर संदेह
इधर मुरैना पुलिस इस मामले को लेकर कई सवाल उठा रही है। जांच में सामने आया है कि जिस घर में कथित वारदात हुई, उसके बाहर सात लोग सो रहे थे, लेकिन किसी को कोई आहट तक नहीं हुई। इसके अलावा नकदी की रकम को लेकर भी परिवार के अलग-अलग सदस्यों के बयान एक-दूसरे से मेल नहीं खा रहे हैं। इन्हीं कारणों से पुलिस घटना को संदिग्ध मानते हुए सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि साक्ष्य और जांच के आधार पर ही स्पष्ट हो सकेगा कि यह वास्तव में डकैती है या इसके पीछे कोई और कारण है।
