दतिया उपचुनाव: जीतू पटवारी बोले- नामांकन के साथ प्रदेश की राजनीति में बदलाव की होगी शुरुआत, 500% मिलेगी जीत

Datia By Election 2026: दतिया में जीतू पटवारी ने कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। उन्होंने दावा किया कि नामांकन के साथ जीत का बिगुल बजेगा और दतिया का चुनाव मध्यप्रदेश की राजनीति बदलने की शुरुआत करेगा।
Jitu Patwari Datia By Election
जीतू पटवारी (फोटो सोर्स- नवभारत)
Updated on

Jitu Patwari On Datia By Election: दतिया विधानसभा उपचुनाव को लेकर कांग्रेस ने अपनी चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने रविवार को दतिया पहुंचकर पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात की और चुनावी रणनीति पर चर्चा की। इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर चुनाव मैदान में उतरने का आह्वान किया। मीडिया से बातचीत में उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस नामांकन के साथ ही जीत के अभियान की शुरुआत करेगी और यह चुनाव मध्यप्रदेश की राजनीति की दिशा तय करने वाला साबित होगा।

जीतू पटवारी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी पूरे उत्साह और मजबूती के साथ नामांकन दाखिल करेगी। उन्होंने कहा, "कांग्रेस पार्टी 500 प्रतिशत विश्वास के साथ नामांकन के जरिए जीत के बिगुल की शुरुआत करेगी। मां पीतांबरा की कृपा, दतिया की जनता के आशीर्वाद और भरोसे से हम इस चुनाव में जीत हासिल करेंगे।"

दतिया के पास बदलाव का ऐतिहासिक अवसर

उन्होंने कहा कि दतिया की जनता को प्रदेश की राजनीति में बदलाव लाने का ऐतिहासिक अवसर मिला है। उनका मानना है कि यदि मध्यप्रदेश की राजनीति में परिवर्तन की शुरुआत करनी है तो इसकी नींव दतिया की जनता ही रखेगी। उन्होंने दतिया के मतदाताओं से कांग्रेस के पक्ष में मतदान करने की अपील करते हुए कहा कि यह चुनाव केवल एक विधानसभा सीट का नहीं, बल्कि प्रदेश की राजनीतिक दिशा तय करने का चुनाव है।

पार्टी ने एकजुटता का परिचय दिया

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि कांग्रेस में प्रत्याशी चयन की प्रक्रिया पूरी तरह लोकतांत्रिक रही। उन्होंने बताया कि पार्टी के सभी दावेदारों ने संगठन के निर्णय को स्वीकार करते हुए एकजुटता का परिचय दिया और कहा कि जो भी प्रत्याशी घोषित होगा, सभी मिलकर उसे जिताने का काम करेंगे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पूरी ताकत के साथ चुनाव मैदान में उतरेगी।

भाजपा के अंदरुनी मामले से हमारा लेना-देना नहीं

भाजपा द्वारा नए प्रत्याशी घोषित किए जाने के सवाल पर जीतू पटवारी ने कहा कि दतिया उपचुनाव में भाजपा ने किसे टिकट दिया, क्यों दिया और उनके अंदर क्या स्थिति है, इससे कांग्रेस का कोई लेना-देना नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का लक्ष्य केवल अपने विचारों और पार्टी के चुनाव चिन्ह 'पंजा' को जनता का समर्थन दिलाकर जीत हासिल करना है।

https://youtube.com/shorts/zGbxFYv6odc?si=8zaw26_XqOyMg1xG

Navbharat Live
navbharatlive.com