Bulldozer Action : भोपाल के जनता क्वार्टर पर चला प्रशासन का बुलडोजर, 599 मकानों को किया जा रहे जमींदोज

Janta Quarters : राजधानी भोपाल के ऐशबाग स्थित जनता क्वार्टर में 599 मकानों पर बुलडोजर कार्रवाई चल रही है। हाईकोर्ट ने एक क्वार्टर को 25 नवंबर तक राहत दी। रहवासियों को मुआवजे और पुनर्वास की चिंता।
Bhopal Aishbagh Janta Quarters demolition latest news
ग्राउंड से नवभारत लाइव की रिपोर्टफोटो सोर्स - नवभारत
Published on: 
Updated on: 

Highlights :

  • भोपाल के ऐशबाग जनता क्वार्टर में 599 मकानों पर बुलडोजर कार्रवाई।

  • प्रशासन, नगर निगम और हाउसिंग बोर्ड की संयुक्त टीम मौके पर।

  • हाईकोर्ट ने EWS 465 क्वार्टर को 25 नवंबर तक दी राहत।

Bhopal Aishbagh Janta Quarters Demolition : राजधानी भोपाल के ऐशबाग स्थित जनता क्वार्टर में सोमवार सुबह प्रशासन ने ध्वस्तीकरण की बड़ी कार्रवाई शुरू कर दी। यहां करीब 40 साल पुराने 599 जर्जर मकानों को भारी मशीनों और बुलडोजर की मदद से तोड़ा जा रहा है। कार्रवाई में प्रशासन ,नगर निगम और हाउसिंग बोर्ड की संयुक्त टीम जुटी है। कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। वहीं हाईकोर्ट ने एक आवंटी के क्वार्टर को 25 नवंबर तक तोड़ने पर अंतरिम रोक लगाई है।

सुबह से शुरू हुई ध्वस्तीकरण की कार्रवाई

सोमवार सुबह से ही जनता क्वार्टर इलाके में प्रशासनिक अमला और भारी मशीनें पहुंच गई थीं। इसके बाद एक एक कर मकानों को तोड़ने का काम शुरू किया गया। सुरक्षा के मद्देनजर पूरे इलाके में बैरिकेडिंग की गई है। प्रशासनिक अधिकारी मौके पर मौजूद रहकर कार्रवाई की निगरानी कर रहे हैं। करीब 599 मकानों को ध्वस्त करने की कार्रवाई पुनर्विकास योजना के तहत की जा रही है।

एक क्वार्टर को 25 नवंबर तक हाईकोर्ट से राहत

कार्रवाई के खिलाफ आवंटी मोहम्मद हफीज खान ने मध्यप्रदेश हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी। रविवार को हुई विशेष सुनवाई में कोर्ट ने पूरी कार्रवाई पर रोक लगाने से इनकार कर दिया, लेकिन क्वार्टर नंबर EWS 465 को 25 नवंबर तक तोड़ने पर अंतरिम रोक लगा दी। कोर्ट ने आवंटी और हाउसिंग बोर्ड के अधिकारियों को कलेक्टर के साथ बैठक कर पुनर्विकास के दौरान मिलने वाली किराये की राशि पर सहमति बनाने के निर्देश दिए हैं। इस संबंध में बुधवार को कोर्ट में जानकारी पेश की जाएगी।

2016 में जर्जर घोषित हुए थे मकान

जानकारी के मुताबिक, जनता क्वार्टर का निर्माण वर्ष 1986 के आसपास हुआ था। नगर निगम ने मई 2016 में इन मकानों को जर्जर घोषित किया था। इसके बाद मकान खाली कराने और ध्वस्तीकरण को लेकर नोटिस जारी किए जाते रहे। हाउसिंग बोर्ड के मुताबिक यहां करीब 600 क्वार्टर हैं जिनमें से लगभग 110 मूल आवंटियों को दिए गए थे। बाकी मकानों पर अनधिकृत कब्जे होने का दावा किया गया है।

पुनर्विकास योजना के तहत बनेंगे नए फ्लैट

प्रशासन और हाउसिंग बोर्ड की योजना पुराने मकानों की जगह नए बहुमंजिला आवासीय भवन बनाने की है। हाउसिंग बोर्ड की ओर से पात्र मूल आवंटियों को मौजूदा मकान से 20 प्रतिशत बड़ा फ्लैट देने और निर्माण अवधि के दौरान किराये की सहायता उपलब्ध कराने का प्रस्ताव बताया गया है। हालांकि रहवासियों का कहना है कि उन्हें मुआवजे किराये और वैकल्पिक आवास को लेकर अब तक स्पष्ट जानकारी नहीं मिली है।

Bhopal Aishbagh Janta Quarters demolition latest news
Janta Quarters : भोपाल में 599 जनता क्वार्टरों पर बुलडोजर एक्शन, कांग्रेस नेता मनोज शुक्ला गिरफ्तार

कार्रवाई और मकान न मिलने की समस्या

ग्राउंड पर पहुंचकर नवभारत की टीम नें रहवासियों बात करी जिसमें उन्होने ने बताया की चल रही कार्रवाई को लेकर परिवार का कहना है कि उन्हें मकान के बदले मकान मिलना चाहिए लेकिन उन्हें कुछ भी नहीं मिल रहा है जबकि उनके पास कागज़ों में पूरे दस्तावेज़ और रजिस्ट्री मौजूद हैं। उन्होंने बताया कि एक मकान को हाईकोर्ट ने दो दिन का समय दिया है,जो कि हकीकत है। वहीं पहले ये कहा गया था कि जिनकी रजिस्ट्री है उन्हें मकान दिया जाएगा लेकिन अब मकान देने से मना किया जा रहा है।

परिवार में पति पत्नी और छोटे बच्चे हैं वे मज़दूरी करके गुज़ारा करते हैं और अब उनके पास न तो रहने का ठिकाना है और न ही 5000 से 6000 रुपये किराए पर कमरे लेने की स्थिति है। जिससे उनका सामान सड़क और रास्ते में पड़ा हुआ है और वे बेहद परेशान हैं कि आखिर वे कहाँ जाएँ।

मकान टूटने के बाद कहां जाएंगे परिवार?

ध्वस्तीकरण की कार्रवाई शुरू होने के साथ ही वर्षों से यहां रह रहे परिवारों के सामने अपने आशियाने का संकट खड़ा हो गया है। रहवासियों की सबसे बड़ी चिंता ये है कि उन्हें कब और कहां वैकल्पिक आवास मिलेगा, किराये की सहायता कितनी होगी और पुनर्विकास पूरा होने तक रहने की व्यवस्था कैसे होगी। ऐसे में प्रशासन के सामने मकान तोड़ने के साथ प्रभावित परिवारों के पुनर्वास और आर्थिक सहायता को लेकर भी स्पष्ट व्यवस्था करने की चुनौती है।