ट्विशा शर्मा केस: सीडीआर और सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित रखने को लेकर भोपाल कोर्ट में आज सुनवाई

Bhopal Court Hearing: ट्विशा शर्मा मौत मामले में सीडीआर और सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित रखने की मांग वाली याचिकाओं पर आज भोपाल कोर्ट में सुनवाई होगी। ट्विशा के परिजन और गिरीबाला ने कोर्ट में आवेदन दिया है।
Twisha Sharma Death Case Update
भोपाल कोर्ट (फोटो सोर्स- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Twisha Sharma Death Case Update: भोपाल में मॉडल और एक्ट्रेस ट्विशा शर्मा की मौत से जुड़े मामले में कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) और सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित रखने को लेकर भोपाल जिला अदालत में अलग-अलग आवेदन दायर किए गए हैं। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए मंगलवार को इन आवेदनों पर अहम सुनवाई होने जा रही है।

जानकारी के अनुसार, ट्विशा शर्मा के परिवार की ओर से अधिवक्ता अंकुर पांडे ने अदालत में आवेदन प्रस्तुत कर मामले से जुड़े कॉल डिटेल रिकॉर्ड सुरक्षित रखने की मांग की है। परिवार का मानना है कि सीडीआर जांच में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है और इससे कई अहम तथ्य सामने आ सकते हैं। वहीं दूसरी ओर, मामले में नामजद गिरिबाला सिंह की ओर से भी अदालत में आवेदन दायर कर संबंधित सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित रखने की मांग की गई है।

सोमवार को होनी थी सुनवाई

सोमवार को इस मामले में सुनवाई निर्धारित थी, लेकिन भोपाल पुलिस अदालत में अपना प्रतिवेदन पेश नहीं कर सकी। पुलिस की ओर से जरूरी दस्तावेज और रिपोर्ट प्रस्तुत नहीं किए जाने के कारण कोर्ट ने सुनवाई को आगे बढ़ाते हुए अतिरिक्त समय प्रदान किया। अदालत ने पुलिस को निर्देश दिए हैं कि अगली सुनवाई तक आवश्यक प्रतिवेदन और दस्तावेज जमा किए जाएं।

सीडीआर और सीसीटीवी फुटेज अहम सबूत

मामले में सीडीआर और सीसीटीवी फुटेज को बेहद अहम साक्ष्य माना जा रहा है। जांच एजेंसियों का मानना है कि इन तकनीकी सबूतों से घटना से पहले और बाद की परिस्थितियों को समझने में मदद मिल सकती है। इसी वजह से दोनों पक्ष अदालत से इन्हें सुरक्षित रखने की मांग कर रहे हैं, ताकि जांच प्रक्रिया के दौरान किसी प्रकार की तकनीकी या कानूनी बाधा उत्पन्न न हो।

आज पुलिस पेश कर सकती है प्रतिवेदन

सूत्रों के मुताबिक मंगलवार को होने वाली सुनवाई में भोपाल पुलिस की ओर से प्रतिवेदन पेश किए जाने की संभावना है। इसके बाद अदालत रिकॉर्ड और फुटेज को सुरक्षित रखने को लेकर आवश्यक निर्देश जारी कर सकती है। मामले की गंभीरता को देखते हुए कोर्ट की इस सुनवाई पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com