मुरैना में कृषि मंत्री के घर से 50 मीटर दूर बिक रही थी अवैध शराब, 45 पेटियां जब्त, मुख्य आरोपी फरार

Morena Police Raid : मुरैना के बिस्मिल नगर में पुलिस ने कथित अवैध शराब कारोबार पर कार्रवाई कर 45 पेटियां जब्त कीं। करीब 2 लाख की शराब बरामद हुई, जबकि मुख्य आरोपी हरेंद्र गुर्जर फरार है।
Morena Civil Lines police seized 45 cartons of liquor
मुरैना पुलिस ने जब्त की अवैध शराबफोटो सोर्स- नवभारत
Published on: 
Updated on: 

Morena Illegal Liquor Seizure : मुरैना शहर के बिस्मिल नगर में अवैध शराब के कारोबार का मामला सामने आया है। यहां एक आलीशान मकान के नीचे बनी दुकान से कथित तौर पर देसी और अंग्रेजी शराब के साथ बीयर भी बेची जा रही थी। शनिवार शाम सिविल लाइन थाना पुलिस ने कार्रवाई कर मौके से शराब की 45 पेटियां जब्त कीं। जब्त शराब की कीमत करीब 2 लाख रुपये बताई गई है।

खास बात यह है कि जिस दुकान पर कार्रवाई हुई, वह कृषि मंत्री ऐंदल सिंह कंसाना के घर से महज 40 से 50 मीटर की दूरी पर स्थित बताई जा रही है। पुलिस ने मौके से एक युवक को पकड़ा है, जबकि कथित मुख्य आरोपी हरेंद्र गुर्जर फरार हो गया।

मुखबिर की सूचना पर बिस्मिल नगर में दबिश

सिविल लाइन थाना प्रभारी उदयभान सिंह यादव को शनिवार शाम सूचना मिली थी कि बिस्मिल नगर में एक मकान के नीचे बनी दुकान से अवैध शराब बेची जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। कार्रवाई के दौरान दुकान से शराब की पेटियां बरामद हुईं। पुलिस के अनुसार, दुकान कृषि मंत्री ऐंदल सिंह कंसाना के घर से लगभग 40 से 50 मीटर की दूरी पर है।

देसी शराब और बीयर की 45 पेटियां जब्त

पुलिस ने मौके से कुल 45 पेटियां शराब जब्त की हैं। इनमें 12 पेटी बीयर, 12 पेटी देसी मसाला शराब और 21 पेटी देसी प्लेन शराब शामिल हैं। जब्त शराब का बाजार मूल्य करीब 2 लाख रुपये आंका गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है कि शराब कहां से लाई गई थी और इसे किन लोगों को बेचा जा रहा था।

मुख्य आरोपी हरेंद्र गुर्जर फरार, साला हिरासत में

मुरैना में अवैध शराब के मामले में कार्रवाई के दौरान पुलिस ने सौरव गुर्जर नाम के युवक को पकड़ा। उसने खुद को हरेंद्र गुर्जर का साला बताया है। पुलिस के मुताबिक, अवैध शराब कारोबार का कथित मालिक हरेंद्र गुर्जर मौके से फरार हो गया। शुरुआती जानकारी में ध्रुव कंसाना का नाम सामने आया था, लेकिन बाद में पुलिस ने कारोबार से जुड़े मुख्य आरोपी के रूप में हरेंद्र गुर्जर की पहचान बताई। पुलिस का कहना है कि हरेंद्र पहले भी अवैध शराब के मामले में पकड़ा जा चुका है।

Morena Civil Lines police seized 45 cartons of liquor
MP में मानसून की विदाई के बाद फिर बदलेगा मौसम, ग्वालियर-चंबल में आंधी-बारिश के आसार, इंदौर में रातें ठंडी

आबकारी एक्ट के तहत मामला दर्ज, फरार आरोपी की तलाश

मुरैना पुलिस ने मामले में आबकारी एक्ट की धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। पुलिस फरार आरोपी हरेंद्र गुर्जर की तलाश कर रही है। साथ ही जब्त शराब के स्रोत और कारोबार से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com